क्रिकेट से मजबूत हुए भारत-त्रिनिदाद रिश्ते : जयशंकर

पोर्ट ऑफ स्पेन, विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने यहां आयोजित एक ध्वजारोहण समारोह में भारत और त्रिनिदाद एवं टोबैगो के बीच गहरे सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि क्रिकेट ने दोनों देशों के रिश्तों को एक “विशेष आयाम” दिया है। जयशंकर जमैका, सूरीनाम और त्रिनिदाद एवं टोबैगो के तीन देशों के दौरे के अंतिम चरण में शुक्रवार को पारामारिबो से पोर्ट ऑफ स्पेन पहुंचे। इस दौरे का मकसद कैरेबियाई देशों के साथ भारत के रणनीतिक और सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करना है।

विदेश और कैरिकॉम (कैरेबियन कम्युनिटी एंड कॉमन मार्केट) मामलों के मंत्रालय में आयोजित समारोह में जयशंकर ने कहा, ‘‘भारत के त्रिनिदाद एवं टोबैगो के साथ परंपरागत रूप से बेहद हमेशा से बेहद आत्मीय और मित्रतापूर्ण रहे हैं। ये संबंध साझा इतिहास, उपनिवेशवाद के खिलाफ हमारे संघर्ष और क्रिकेट के हमारे विशेष जुड़ाव पर आधारित हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन अगर हमारे संबंधों को कोई खास आयाम देता है तो वह निश्चित रूप से क्रिकेट है।’’

वेस्टइंडीज क्रिकेटरों के भारतीय फैंस का जिक्र कर बोले जयशंकर

विदेश मंत्री ने यह भी कहा कि भारतीय लंबे समय से वेस्टइंडीज के क्रिकेटरों के प्रशंसक रहे हैं। त्रिनिदाद एवं टोबैगो कैरेबियाई क्रिकेट का एक परंपरागत गढ़ है और ब्रायन लारा तथा इयान बिशप जैसे कई महान वेस्टइंडीज क्रिकेटरों की जन्मभूमि है। जयशंकर ने समारोह में उपस्थित खिलाड़ी लारा की प्रशंसा करते हुए कहा, ‘‘हर कोई जानता है कि हम भारतीय लंबे समय से वेस्टइंडीज के क्रिकेटर के बड़े प्रशंसक रहे हैं। मुझे यकीन है कि लारा भी इससे सहमत होंगे।’’

जयशंकर ने सुनील नरेन, कीरोन पोलार्ड और निकोलस पूरन जैसे समकालीन खिलाड़ियों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि ये क्रिकेटर भारत में खासा लोकप्रिय हैं। जयशंकर ने दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक समानताओं को भी रेखांकित करते हुए कहा कि खान-पान, खेल, पहनावे और परंपराओं में दोनों देशों के लोगों के बीच काफी समानता है।

जयशंकर ने यह भी बताया कि त्रिनिदाद एवं टोबैगो में दिवाली, फगुआ (होली का इंडो-कैरेबियन नाम) और ईद बड़े उत्साह के साथ मनाए जाते हैं, जबकि भारतीय संगीत, नृत्य, टेलीविजन धारावाहिक और फिल्में वहां खासी लोकप्रिय हैं। इससे पहले जयशंकर ने प्रधानमंत्री कमला प्रसाद-बिसेसर से मुलाकात की और द्विपक्षीय सहयोग व क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा की।

भारत-त्रिनिदाद रिश्तों को मजबूत करने में जुटे जयशंकर

वह प्रधानमंत्री के साथ उस कार्यक्रम में भी शामिल हुए जहां त्रिनिदाद एवं टोबैगो के स्कूली बच्चों को भारत में बने लैपटॉप वितरित किए गए। जयशंकर ने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पिछले साल की गई प्रतिबद्धता को पूरा करती है और कहा, ‘‘यह सीखने, जागरुकता और अवसर का संदेश है।’’

जयशंकर का स्वागत विदेश मंत्री शॉन सोबर्स ने किया। उन्होंने त्रिनिदाद एवं टोबैगो की संसद का भी दौरा किया और इसे अपने लिए सौभाग्य की बात बताया। उन्होंने सीनेट के अध्यक्ष वेड मार्क और प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष जगदेव सिंह से भी मुलाकात की।

जयशंकर ने एक अन्य पोस्ट में कहा कि इस यात्रा के दौरान पर्यटन, विदेश और कैरिकॉम मामलों के मंत्रालय भवन को सौर ऊर्जा संपन्न बनाने, त्वरित प्रभाव परियोजनाओं और आयुर्वेद पीठ की स्थापना से संबंधित समझौते भी किए। उन्होंने लारा के साथ अपनी मुलाकात की तस्वीरें भी साझा कीं और क्रिकेट के इस महान खिलाड़ी को ‘‘अद्वितीय’’ बताया। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button