सी.वी. आनंद बन सकते हैं डीजीपी
हैदराबाद, तेलंगाना के वर्तमान पुलिस महानिदेशक बी. शिवधर रेड्डी का कार्यकाल आगामी 30 अप्रैल को समाप्त हो रहा है। नए पुलिस महानिदेशक की नियुक्ति के संबंध में राज्य सरकार की ओर से केंद्र को पाँच संभावित वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों की सूची पुलिस महानिदेशक के पद पर नियुक्ति के संदर्भ में भेज दी गई है। पाँच नामों में से तीन आईपीएस अधिकारियों के नाम के प्रस्ताव पर स्वीकृति की मोहर लगा दी गई है।
इन तीन प्रस्तावित वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नाम में से वर्तमान समय में गृह विभाग के प्रधान सचिव के पद पर कार्यरत सी.वी. आनंद का नाम चर्चा में है। गौरतलब है कि तेलंगाना उच्च न्यायालय ने भी एक दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए पूर्ण स्तरीय पुलिस महानिदेशक की नियुक्ति करने का राज्य सरकार को आदेश दिया था। तेलंगाना के गठन के बाद से राज्य सरकार अस्थाई पुलिस महानिदेशक की नियुक्ति करती आ रही है।
सूत्रों के अनुसार, वर्तमान कांग्रेस सरकार का कार्यकाल दो वर्ष से अधिक हो गया है। इस कारण भी गृह मंत्रालय का कार्यभार संभाल रहे मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी तेलंगाना पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर परिवर्तन करना चाह रहे हैं। कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद सी.वी. आनंद को पुन एक बार नगर पुलिस की कमान सौंपी गई थी। वर्तमान नगर पुलिस आयुक्त सज्जनार को भी पुलिस महानिदेशक रैंक की पदोन्नति दी गई है।
यह भी पढ़ें… कालेश्वरम पर सीबीआई निदेशक से मिलेंगे रेवंत रेड्डी
शिखा गोयल बन सकती हैं नई नगर पुलिस आयुक्त
संभावना जताई जा रही है कि वर्तमान पुलिस आयुक्त सज्जनार को स्थानांतरित कर उनके स्थान पर डीजीपी की पदोन्नति प्राप्त करने वाली वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी शिखा गोयल को नगर पुलिस आयुक्त बनाया जा सकता है। यदि शिखा गोयल यह पद्भार संभालती है, तो वह एकीकृत आंध्र-प्रदेश समेत तेलंगाना की पहली नगर पुलिस आयुक्त बनेगी।
इसके अलावा डीजीपी की पदोन्नति प्राप्त करने वाली सौम्या मिश्रा को सी.वी. आनंद के स्थान पर गृह मंत्रालय के प्रधान सचिव पर नियुक्त किया जा सकता है। इसके साथ ही डीजीपी की पदोन्नती प्राप्त करने वाले एक और वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी महेश मुरलीधर भागवत को रेलवे पुलिस के महानिदेशक पद पर नियुक्त किया जा सकता है।
इसके अलावा पदोन्नति प्राप्त करने वाले आईपीएस अधिकारी चारू सिन्हा को भ्रष्टाचार विभाग के पुलिस महानिदेशक, आईपीएस अधिकारी अभिलाषा बिष्ट को तेलंगाना पुलिस अकादमी की निदेशक, पदोन्नति प्राप्त करने वाले अनिल कुमार को प्रिंटिंग एण्ड स्टेशनरी विभाग के पुलिस महानिदेशक, वी.सी. सज्जनार को विजिलेंस एण्ड एनफोर्समेंट के पुलिस महानिदेशक और पदोन्नति प्राप्त करने वाले वी.वी. श्रीनिवास को सौम्या मिश्रा के स्थान पर जेल विभाग के पुलिस महानिदेशक के पद पर नियुक्त किया जा सकता है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





