दिल्ली : सीआर पार्क में पिता-पुत्र की चाकू से हत्या, आरोपी हिरासत में
नयी दिल्ली, दिल्ली पुलिस ने दक्षिण दिल्ली के सीआर पार्क इलाके में एक व्यक्ति और उसके बेटे की चाकू घोपकर हत्या करने के मामले में मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान राकेश सूद (62) और उनके बेटे करण सूद (27) के रूप में हुई है जबकि राहुल नाम का एक रिश्तेदार घायल हुआ है और उसका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार घटना की सूचना शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे साकेत के एक निजी अस्पताल से प्राप्त हुई, जहां सीआर पार्क स्थित तारा अपार्टमेंट के तीन लोगों को उनके रिश्तेदारों ने भर्ती कराया था। पुलिस ने एक बयान में कहा, ‘‘जांच करने पर चिकित्सकों ने राकेश सूद और करण सूद को मृत घोषित कर दिया, जबकि राहुल को चोटें आयी थीं।’’
सीआर पार्क डबल मर्डर पुरानी दुश्मनी से फैली दहशत
घटना की सूचना मिलते ही तुरंत एक टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान असद के रूप में हुई है जिसकी लंबे समय से पिता-पुत्र से दुश्मनी थी और यह घटना उसी का नतीजा थी। बयान में कहा गया है, ‘‘आरोपी तारा अपार्टमेंट का निवासी है। उसने कथित तौर पर दोनों पर धारदार वस्तु से हमला किया। उसे हिरासत में ले लिया गया है।’’
अपराध और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सबूत एकत्र किए जबकि जांच के तहत इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि सीआर पार्क थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
यह भी पढ़े : बलिया : पुल तोड़कर अनियंत्रित ट्रक नदी में गिरा, खलासी की मौत
इसी बीच, आम आदमी पार्टी के नेता और पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘तारा अपार्टमेंट, अलकनंदा को दक्षिण दिल्ली की सबसे सुरक्षित कॉलोनी माना जाता था। सुषमा स्वराज और कई सांसद वर्षों तक वहां रहे थे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘दोहरे हत्याकांड से दिल्ली की बिगड़ती कानून व्यवस्था के बारे में बहुत कुछ पता चलता है।’’(भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






