ब्रिटेन T20 के बाद सूर्यकुमार के भविष्य पर चर्चा

नयी दिल्ली, सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारत ने भले ही टी20 विश्व कप के खिताब का सफल बचाव किया हो लेकिन उनकी बल्लेबाजी फॉर्म को देखते हुए सवाल उठने लग गए हैं कि क्या उन्हें 2028 में होने वाले ओलंपिक खेलों के लिए टीम में शामिल किया जाएगा या नहीं।

इस संदर्भ में जून-जुलाई में भारत का इंग्लैंड और आयरलैंड का दौरा कप्तान के लिए महत्वपूर्ण होगा क्योंकि उनकी कप्तानी से कहीं अधिक उनकी बल्लेबाजी पर नजर रखी जाएगी। इस दौरे से यह तय हो सकता है कि क्या उन्हें 2028 में होने वाली बड़ी प्रतियोगिताओं तक टीम में बनाए रखा जाएगा या नहीं। वर्ष 2028 में अमेरिका में ओलंपिक और ऑस्ट्रेलिया में होने वाला टी20 विश्व कप शामिल हैं।

ओलंपिक के समय सूर्यकुमार की उम्र लगभग 38 साल हो जाएगी

सूर्यकुमार अब भी मुख्य कोच गौतम गंभीर की पहली पसंद बने हुए हैं, जिनका कार्यकाल ऑस्ट्रेलिया में होने वाले 2028 टी20 विश्व कप तक बढ़ाए जाने की संभावना है। हालांकि यह देखना दिलचस्प होगा कि अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति गंभीर से सहमत होती है या नहीं, क्योंकि ओलंपिक के समय सूर्यकुमार की उम्र लगभग 38 साल हो जाएगी।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर पीटीआई से कहा, ‘‘सूर्या अभी टीम की कप्तानी कर रहे हैं। लेकिन उन्हें यह भी सुनिश्चित करना होगा कि एक बल्लेबाज के रूप में वह अपने प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखें। ब्रिटेन दौरे में वह कप्तानी करेंगे, लेकिन उसके बाद 2028 तक की चर्चा पूरी तरह से प्रदर्शन पर आधारित हो सकती है।’’

सूर्यकुमार के लिए 2025 का साल बेहद खराब रहा, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 120 से भी कम हो गया और वे एक भी अर्धशतक नहीं बना सके थे। उन्होंने 2026 में हालांकि अच्छा प्रदर्शन किया और 160 से अधिक के स्ट्राइक रेट से रन बनाए जिसमें चार अर्धशतक भी शामिल है।

टी20 विश्व कप में अर्धशतक लगा चुके

टी20 विश्व कप में हालांकि अमेरिका के खिलाफ पहले मैच को छोड़कर सूर्यकुमार का प्रदर्शन उल्लेखनीय नहीं रहा। उन्हें टीम में अपना स्थान बरकरार रखने के लिए अपने प्रदर्शन में हर हाल में निरंतरता लानी होगी। वैभव सूर्यवंशी का नाम टी20 टीम के लिए उन विशेषज्ञ खिलाड़ियों की सूची में शामिल किया गया है जिन्हें राष्ट्रीय चयनकर्ताओं ने जून-जुलाई में आयरलैंड दौरे के टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए संभावित खिलाड़ियों के रूप में चुना है।

सूत्र ने कहा, ‘‘चयन समिति को पूरा विश्वास है कि वैभव तैयार है, लेकिन फिर आप संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन की बात कर रहे हैं। ये तीनों ही टी20 विश्व कप में अर्धशतक लगा चुके हैं। अगर आप चौथा ओपनर रखते हैं, तो यशस्वी जायसवाल भी मौजूद हैं।’’

सूर्यवंशी सीनियर राष्ट्रीय टीम की तरफ से कब पदार्पण कर सकते हैं, इसके बारे में सूत्र ने कहा, ‘‘यह ब्रिटेन का दौरा हो सकता है या जिम्बाब्वे का। लेकिन सबसे अच्छा मंच एशियाई खेल या वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू श्रृंखला हो सकती है क्योंकि ये दोनों प्रतियोगिताएं एक ही समय पर होंगी, इसलिए दो टी20 टीम का चयन करना होगा। वैभव इन दोनों में से एक भूमिका निभाएंगे, हो सकता है कि उन्हें इससे पहले ही चुन लिया जाए।’’ (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button