मुसलमानों को लेकर डॉ. अंबेडकर की शंका सही साबित हुई : राजा सिंह
हैदराबाद, गोशामहल से विधायक टी. राजा सिंह ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर को दूरदर्शी नेता बताते हुए कहा कि देश के बंटवारे के समय मुसलमानों को लेकर उनकी शंकाएं आज सही साबित हो रही हैं।
डॉ. बी.आर. अंबेडकर की जयंती के अवसर पर रामपुरा क्षेत्र स्थित डॉ. बी. आर. अंबेडकर प्ले ग्राउंड के समीप भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद विधायक राजा सिंह ने वर्ष 1947 के भारत-विभाजन का उल्लेख करते हुए पाकिस्तान के पहले कानून मंत्री जोगेंद्र नाथ मंडल का उदाहरण देते हुए कहा कि विभाजन के समय लिए गए कुछ निर्णयों के परिणामस्वरूप पाकिस्तान में दलित समुदाय को कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा था। आज अनुसूचित जाति (एससी), जनजाति (एसटी) समाज को इतिहास से सीख लेते हुए फूट डालने वालों का पर्दाफाश करने की आवश्यकता है।
राजा सिंह ने जय भीम, जय मीम जैसे नारों का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे नारों के पीछे की विचारधारा को समझना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आज दलित समाज को हिन्दुओं से अलग दिखाने की साजिश रची जा रही है। जय भीम-जय मीम नारे में केवल देश नहीं, बल्कि दलित समाज को भी कमजोर करने की साजिश है। उन्होंने कहा कि मजलिस जैसी पार्टियाँ देश का एक और विभाजन करने की योजना बना रही हैं।
यह भी पढ़ें… जग्तियाल जनसभा को सफल बनाने केटीआर ने नियुक्त किए प्रभारी
देश की आंतरिक सुरक्षा पर बढ़ती चिंताओं का दावा
दिन-प्रतिदिन देश की आंतरिक सुरक्षा को चोट पहुंचाने वाले नये-नये खुलासे हो रहे हैं। राजा सिंह ने डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा भारत-पाकिस्तान विभाजन पर लिखित पुस्तक का उल्लेख करते हुए कहा कि उसमें उस समय की परिस्थितियों और विभिन्न विचारधाराओं का विस्तृत विश्लेषण किया गया।
डॉ. अंबेडकर ने वर्ष 1947 में ही कह दिया था कि स्वतंत्रता की लड़ाई और विभाजन में देश के मुसलमान भारत के प्रति ईमानदार नहीं रहे, भारत में रहने वाले मुसलमानों ने ही पाकिस्तान का निर्माण किया और फिर पाकिस्तान में रहने वाले हिन्दुओं विशेषकर हरिजनों को तरह-तरह से प्रताड़ित व अपमानित किया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और समाज के लोगों को इस पुस्तक का अध्ययन करना चाहिए, ताकि वे इतिहास को सही संदर्भ में समझें और जय मीम नारे की भी पोल खुल सके।
इसके अलावा राजा सिंह ने प्रदेश सरकार पर मुस्लिम वोट बैंक की लालच में लव जिहाद, धर्म परिवर्तन और गोवंश से जुड़े मामलों पर मौन साधने का आरोप लगाते हुए कहा कि हाल ही में निजामाबाद में दो मुस्लिम नौजवानों ने दलित बालिकाओं का अपहरण कर दुष्कर्म किया, लेकिन प्रदेश सरकार इस गंभीर मामले में मौन हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



