तीन तरह की कढ़ी से बढ़ाएं खाने का स्वाद

भारतीय रसोई में कढ़ी एक ऐसा पारंपरिक व्यंजन है, जो स्वाद और सेहत दोनों का बेहतरीन संगम माना जाता है। अलग-अलग क्षेत्रों में कढ़ी को विभिन्न तरीकों से बनाया जाता है, जिससे इसके स्वाद में भी विविधता देखने को मिलती है। मेथी, पकौड़ी और लौकी जैसी सामग्री से तैयार ये खास कढ़ी न केवल पौष्टिक होती हैं, बल्कि रोज़मर्रा के भोजन को भी खास बना देती हैं। आइए जानें इन तीन स्वादिष्ट और आसान कढ़ी बनाने की विधियां, जिन्हें आप चावल या रोटी के साथ परोसकर परिवार का दिल जीत सकते हैं।
मेथिया कढ़ी
सामग्रीः- चार कटोरी छाछ, चार बड़े चम्मच बेसन, पाव चम्मच हल्दी पाउडर, आधा चम्मच मिर्च पाउडर, आधा चम्मच जीरा पाउडर, चार गड्डी मेथी की ताजी पत्तियां, आधा चम्मच साबुत जीरा, दो सूखी लाल मिर्च, आधी चम्मच चीनी, चार हरी मिर्च, हींग पाउडर एक चौथाई चम्मच, नमक स्वादानुसार, तेल तीन बड़े चम्मच।

विधि- कड़ाही में छाछ में बेसन, हल्दी पाउडर, जीरा पाउडर व नमक डाल कर घोल कर हिलाते हुए पकाएँ। इसमें बारीक कटी मेथी पत्ती और चीरी हुए हरी मिर्च भी डाल दें। कढ़ी थोड़ी गाढ़ी होने पर आंच से उतार लें। अब ऊपर से सूखी और पावडर लाल मिर्च, हींग और जीरे का तड़का डाल दें। यह कढ़ी बाजरे की रोटियों या सादे चावल के साथ स्वादिष्ट लगती है।
पकौड़ी कढ़ी
सामग्रीः- चार कटोरी छाछ, चार बड़े चम्मच बेसन, हरी धनिये की दो गड्डियां, हरी मिर्च चार-पांच, जीरा पाउडर आधा चम्मच, हल्दी पाउडर आधा चम्मच, मिर्च पाउडर आधा चम्मच, दो बड़े प्याज, आधा चम्मच साबुत जीरा, एक चौथाई चम्मच हींग पाउडर, एक कटोरी बेसन (पकौड़ी के लिए), नमक स्वादानुसार, तेल तड़के व पकौड़ियां तलने के लिए।

विधि- छाछ में बेसन हल्दी, जीरा पाउडर व नमक को घोल कर धीमी आंच पर गाढ़ी हो जाने तक हिलाते हुए पकाएँ। एक बर्तन में कटे हुए प्याज, हरी मिर्च व आधी हरी धनिया पत्ती को बेसन के साथ गाढ़ा घोल कर तेल में छोटी-छोटी पकौड़ियां तलें और इन्हें कढ़ी में डाल कर पकाएँ। अब एक अन्य कड़ाही में सूखी लाल मिर्च, जीरा, राई, हींग व लाल मिर्च पावडर का तड़का तैयार कर कढ़ी में उडेल दें। अंत में हरी धनियां डाल कर सजाएं तथा सादे चावल या रोटी के साथ परोसें।
यह भी पढे़: अप्रैल में बनाएँ ये कूल व्यंजन
लौकी कढ़ी
सामग्रीः- चार कटोरी छाछ, चार बड़े चम्मच बेसन, हरी मिर्च चार-पांच, एक बड़ा टुकड़ा लौकी, साबुत जीरा आधा चम्मच, राई आधा चम्मच, कढ़ी पत्ते, हींग आधा चम्मच, नमक स्वादानुसार, तीन बड़े चम्मच तेल।

विधि- छाछ में बेसन हल्दी, जीरा व नमक को घोल कर हिलाते हुए पकाएँ। लौकी को पतले और लम्बे आकार में काट कर कढ़ी में डालें। कढ़ी गाढ़ी हो जाने पर इसे आंच से उतार लें। अब एक अन्य कड़ाही में सूखी लाल मिर्च, जीरा, राई, हींग व लाल मिर्च पावडर का तड़का तैयार कर कढ़ी में उडेल दें। यह सादे चावल के साथ स्वादिष्ट लगती है।
-रूबी
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






