हैदराबाद में पिता-पुत्र ने खोला गैस सिलेंडर घोटाला, हुए सम्मानित

हैदराबाद, नगर पुलिस आयुक्त वी.सी. सज्जनार ने घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में धांधली का पर्दाफाश करने वाले पिता-पुत्र की सतर्कता और साहस की सराहना करते हुए प्रशस्ति पत्र व नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।आज बंजारा हिल्स स्थित टीजीआईसीसीसी में आयुक्त सज्जनार ने चूड़ी बाजार में रहने वाले अशोक तिवारी और उनके 16 वर्षीय पुत्र नमन तिवारी को प्रशस्ति पत्र के साथ नकद पुरस्कार भी प्रदान किया। उन्होंने कहा कि दोनों ने “यूनिफॉर्म के बिना पुलिस” की तरह काम करते हुए समाज में हो रहे एक गंभीर अपराध का उजागर किया।
बताया गया कि चूड़ी बाजार निवासी व्यापारी अशोक तिवारी ने 21 अप्रैल को घरेलू गैस सिलेंडर बुक कराया था। डिलीवरी के समय उनके बेटे नमन ने सिलेंडर का वजन कम होने पर संदेह जताया। जांच करने पर पाया गया कि जहां नियमों के अनुसार सिलेंडर का वजन 14 किलो गैस के साथ 30.4 किलोग्राम होना चाहिए, वहीं यह केवल 28 किलोग्राम ही था।
इसके बाद नमन ने अपने पिता को पिछली डिलीवरी में भी सिलेंडर लगभग 2 किलो कम होने की जानकारी दी। पिछले कुछ समय से गैस जल्दी खत्म होने की शिकायत के चलते उन्होंने सिलेंडर की जांच की, जिससे इस गड़बड़ी का खुलासा हुआ। इसके बाद तिवारी परिवार ने संबंधित गैस एजेंसी ‘सिद्धार्थ एंटरप्राइजेस’ के कर्मचारियों से पूछताछ की, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
इसके बाद उन्होंने खुद जांच जारी रखी, जिसमें सामने आया कि जुमेरात बाजार क्षेत्र के एक घर में बड़े सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में अवैध रूप से गैस भरी जा रही थी। यह काम न केवल नियमों के खिलाफ था, बल्कि भीड़ भाड़ वाले इलाके में होने के कारण बेहद खतरनाक भी था। इस पर पिता-पुत्र ने गोशामहल पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



