पीएनबी कृषि आउटरीच कार्यक्रम में किसानों को वित्तीय सहायता
हैदराबाद, पंजाब नेशनल बैंक द्वारा हैदराबाद में कृषि आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों के साथ संवाद को सुदृढ़ करना, कृषि ऋण संबंधी जागरूकता को बढ़ावा देना तथा कृषि एवं कृषि आधारित व्यवसायों हेतु विभिन्न वित्तीय सहायता योजनाओं का विस्तार करना था।
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कार्यक्रम का शुभारंभ रिबन कटिंग एवं कृषि आउटरीच कार्यक्रम के परिचयात्मक अवलोकन के साथ हुआ। इसके उपरांत बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों एवं अतिथियों की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलन किया गया। अवसर पर बैंक के मंडल प्रमुख (हैदराबाद) अरविंद कालरा, मंडल प्रमुख (सिकंदराबाद ) सुजीत झा, अंचल प्रबंधक (हैदराबाद) वंदना पांडेय, प्रधान कार्यालय के महाप्रबंधक एनवीएसपी रेड्डी ने विचार व्यक्त किए। सभी ने कृषि विकास, ग्रामीण समृद्धि तथा वित्तीय समावेशन के प्रति बैंक की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
यह भी पढ़ें… तेलंगाना युवाओं के लिए इजरायल में बढ़े रोजगार के अवसर
कार्यक्रम के दौरान मंडल कार्यालय, हैदराबाद से श्रीगणेश द्वारा पंजाब नेशनल बैंक की विभिन्न कृषि उत्पाद एवं योजनाओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई। इसमें किसानों, कृषि उद्यमियों तथा कृषि से संबद्ध गतिविधियों के लिए तैयार की गई बैंक की विशेष बैंकिंग सेवाओं एवं वित्तीय समाधानों की जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण कुसुम योजना के एक लाभार्थी ग्राहक द्वारा साझा की गई सफलता की कहानी रही, जिसने उपस्थित प्रतिभागियों को प्रेरित कर कृषि क्षेत्र में संस्थागत वित्तीय सहायता के सकारात्मक प्रभाव को उजागर किया।
अतिथियों द्वारा लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए, जो किसानों को समयबद्ध वित्तीय सहायता प्रदान करने के प्रति बैंक की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। कार्यक्रम का समापन डीसीएच (हैदराबाद) सी.बी. विवेकानंद के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



