खाद्य पदार्थों में मिलावट बर्दाश्त नहीं : सज्जनार
हैदराबाद, नगर पुलिस आयुक्त वी.सी. सज्जनार ने खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी। बेगम बाजार स्थित एच-फास्ट कार्यालय के दौरे के दौरान आयुक्त ने एच-फास्ट की समीक्षा करते हुए बताया कि नागरिकों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कार्यालय के विभिन्न हिस्सों रिसेप्शन, अधिकारियों के कक्ष, लॉकअप और महिला कर्मियों के विश्राम कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने फील्ड स्टाफ के साथ बैठक कर उनकी समस्याएँ और चुनौतियों के बारे में जानकारी हासिल की।



पुलिस आयुक्त ने बताया कि फरवरी से अब तक एच-फास्ट टीमों ने नगर में 117 मामले दर्ज कर करीब 129.34 टन मिलावटी खाद्य पदार्थ जब्त किए। उन्होंने इस उपलब्धि पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि कम समय में इस इकाई ने देशभर में पहचान बना ली, जो टीम के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि खाद्य मिलावट समाज के लिए एक गंभीर खतरा है, जो लोगों के स्वास्थ्य और जीवन को प्रभावित कर रहा है। हैदराबाद को मिलावट मुक्त बनाना अच्छा अभियान है, जिसमें सभी को ईमानदारी के साथ काम करना होगा।
यह भी पढ़ें… खनिज क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर बनाने का सही समय : किशन रेड्डी
मिलावटखोरों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
सज्जनार ने अधिकारियों को मिलावट करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई करने और फूड सेफ्टी विभाग के साथ समन्वय बनाकर योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ने का निर्देश दिया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले टास्कफोर्स कॉन्स्टेबल सतीश लाल यादव सहित 108 पुलिसकर्मियों को प्रशंसा-पत्र भी प्रदान किए गए। साथ ही उन्होंने अनुशासन बनाए रखने की हिदायत देते हुए चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पर कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
आयुक्त ने आम नागरिकों से खाद्य मिलावट के खिलाफ अभियान में पुलिस का सहयोग करने और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी देने की अपील की।अवसर पर डीसीपी टास्क फोर्स, एच-फास्ट प्रमुख गायकवाड़ वैभव रघुनाथ, अतिरिक्त डीसीपी आंदे श्रीनिवास राव, विभिन्न जोनों के पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



