पूर्व विधायक बोधन शकील के पुत्र ने किया आत्मसमर्पण
हैदराबाद, भारास के पूर्व विधायक बोधन शकील उर्फ मो. शकील आमेर के फरार पुत्र मो. राहिल अहमद ने आज नामपल्ली स्थित अपराध न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। गौरतलब है कि मो. राहिल 18 मार्च, 2022 से फरार था। उसके खिलाफ जुबली हिल्स और पंजागुट्टा पुलिस थाने में हिट एण्ड रन के दो मामले दर्ज हैं। आत्मसमर्पण करने पर अपराध न्यायालय ने जाँच के लिए उन्हें जुबली हिल्स पुलिस के समक्ष पेश होने के आदेश दिए।
अदालती आदेश के चलते जुबली हिल्स पुलिस मो. राहिल को थाने बुलाकर पूछताछ करते हुए उसका बयान दर्ज़ कर रही है। जुबली हिल्स के पुलिस इंस्पेक्टर यू. श्रीनिवासुलू ने बताया कि अदालती आदेश का पालन करते हुए राहिल से पूछताछ कर उनका बयान दर्ज किया जा रहा है और इस मामले की जाँच जारी है।
फरार आरोपी ने कोर्ट में किया आत्मसमर्पण
गौरतलब है कि गत 18 मार्च, 2022 की रात को जुबली हिल्स थाना परिधि में राहिल ने लापरवाही से कार चलाते हुए जुबली हिल्स रोड नं. 45 के पास गुब्बारे बेचने वाली महिला काजल और उसके ढाई वर्षीय पुत्र रणवीर चौहान को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में रणवीर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि काजल और उसकी दो साथी घायल हो गए थे। इस हादसे के बाद राहिल फरार हो गया था।
यह भी पढ़े : एयरोस्पेस जरूरतों के लिए तैयार हो रहा है तेलंगाना : श्रीधर बाबू
इसके अलावा वर्ष 2024 के दौरान पंजागुट्टा थाना परिधि में इसी प्रकार से लापरवाही से कार चलाते हुए राहिल ने प्रजा भवन के गेट को टक्कर मार दी और फरार हो गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए 24 दिसंबर, 2024 की देर रात राहिल पंजागुट्टा पुलिस का ध्यान भटकाकर दुबई फरार हो गया था। इसके पूर्व जुबली हिल्स के मामले में भी वह गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार हो गया था। उसके फरार होने में उसके पिता ने बोधन शकील ने मदद की थी। चालाकी बरतते हुए दोनों पिता-पुत्र ने दोनों मामलों में अन्य दो युवकों को कार चालक के रूप में पेश किया था। लम्बे समय से फरार चल रहे राहिल ने आज अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






