शादी में बिना बुलाए घुसने वालों को रोकने के लिए 5,000 रुपये का जुर्माना
रंगल, पुराने वरंगल ज़िले के फंक्शन हॉल में अब कानूनी चेतावनी वाले बैनर लगाए जा रहे हैं, ताकि शादी-ब्याह जैसे निजी समारोहों में बिना बुलाए घुसने वाले लोगों को रोका जा सके। हाल के दिनों में ऐसे लोगों की संख्या बढ़ गई है जो बिना बुलाए शादी में आते हैं और मेहमानों के लिए बना खाना खा जाते हैं।
कई जगहों के एंट्री गेट पर लगाए गए इन बैनरों में चेतावनी दी गई है कि बिना बुलाए किसी निजी समारोह में घुसने पर धारा 441 (आपराधिक अतिचार) के तहत कार्रवाई हो सकती है, जिसमें तीन महीने तक की जेल और 5,000 रुपये का जुर्माना हो सकता है। हाल ही में सोशल मीडिया पर ऐसे ही एक बैनर की तस्वीर वायरल हुई थी।
महबूबाबाद, वरंगल और हनमकोंडा ज़िलों के कुछ हिस्सों से इस तरह की शिकायतें मिली हैं, जहाँ शादी के आयोजकों और फंक्शन हॉल के मालिकों का कहना है कि बड़ी संख्या में बिना बुलाए लोग शादियों में आ रहे हैं। प्रताप नामक व्यक्ति ने हाल ही में हनमकोंडा में एक फंक्शन हॉल में अपनी बहन की शादी का आयोजन किया था। उसने आरोप लगाया कि 200 से ज़्यादा बिना बुलाए लोग हॉल में घुस आए, मेहमानों के लिए बना खाना खाया और चले गए।
फंक्शन हॉल में प्रवेश सिर्फ आमंत्रित मेहमानों तक सीमित
प्रताप ने बताया कि इस अचानक आई भीड़ की वजह से बुलाए गए रिश्तेदारों और दोस्तों के लिए खाना कम पड़ गया। फंक्शन हॉल के मालिकों का कहना है कि इस समस्या का असर उनके कारोबार पर भी पड़ने लगा है, क्योंकि कुछ ग्राहक ऐसे हॉल बुक करने से कतरा रहे हैं जहाँ बाहरी लोगों का आना-जाना आसान हो।
महबूबाबाद में अशोक नंदन गार्डन के प्रबंधन ने बताया कि यह फ़ैसला ग्राहकों की सुरक्षा और निजी समारोहों में किसी भी तरह की रुकावट को रोकने के लिए लिया गया है। उन्होंने कहा कि हमने जान-बूझकर अपने बैनरों पर 5,000 रुपये के जुर्माने का ज़िक्र किया है, जबकि कानून के मुताबिक असली जुर्माना 500 रुपये ही है। ऐसा हमने इसलिए किया है ताकि बिना बुलाए घुसने वालों के मन में डर पैदा हो और वे ऐसा करने से बचें।
अपने ग्राहकों को एक सुरक्षित और बिना किसी रुकावट वाला अनुभव देने के लिए अब आयोजकों से यह अनुरोध किया जा रहा है कि वे अपने मेहमानों से निमंत्रण पत्र साथ लाने को कहें। यह निमंत्रण पत्र ही एंट्री पास का काम करेगा। इसके अलावा, इन कार्डों की जाँच के लिए एंट्री गेट पर खास सुरक्षा गार्ड भी तैनात किए गए हैं, ताकि यह पक्का हो सके कि समारोह में स़िर्फ असली रिश्तेदार और दोस्त ही शामिल हो सकें।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





