मिथिला सांस्कृतिक परिषद की आम सभा आयोजित
हैदराबाद, सिकंदराबाद स्थित लॉयंस भवन में मिथिला सांस्कृतिक परिषद, हैदराबाद की आम सभा आयोजित की गई, जिसमें परिषद का वार्षिक वित्तीय लेखा-जोखा, विगत विद्यापति पर्व समारोह की समीक्षा, आगामी होली मिलन समारोह का दिन, स्थान एवं बजट-निर्धारण तथा वर्तमान कार्यकारिणी समिति की त्रै-वार्षिक कार्यकाल समाप्त होने पर नये पदाधिकारियों का चुनाव हेतु संविधान सम्मत प्रक्रिया पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
होली मिलन समारोह 9 मार्च को आयोजित होगा
आज यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अमरकांत मिश्र एवं संजय कुमार झा द्वारा भगवती वंदना की प्रस्तुति के साथ आम सभा की कार्यवाही आरम्भ हुई, जिसकी अध्यक्षता परिषद के अध्यक्ष विनय कुमार झा ने की। मंच संचालन महासचिव अनिल कुमार झा ने किया। कोषाध्यक्ष मनीन्द्र कुमार झा मंच पर विराजमान थे। महासचिव द्वारा पूर्व ज्ञापित चारों विषयों को आम सभा की कार्य सूची में रखा गया।
कोषाध्यक्ष मनीन्द्र कुमार झा द्वारा वित्तीय लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया। कुछ सलाहकार एवं संरक्षक द्वारा खर्च में कटौती करने का सुझाव दिया गया, जिस पर अध्यक्ष ने आश्वस्त किया कि भविष्य में योजना बनाते समय इन सुझावों को ध्यान में रखा जायेगा। विद्यापति पर्व समारोह की समीक्षा के क्रम में अधिकांश सदस्यों ने कार्यक्रम की प्रशंसा की।
होली मिलन समारोह के आयोजन के सम्बन्ध में विचार-विमर्श के उपरांत आगामी 9 मार्च को न्यू हेमानगर रेजिडेंट्स वेल्फेयर असोसिएशन के परिसर में होली मिलन समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसकी अध्यक्षता रवींद्र झा (भोली जी) करेंगे।
नयी कार्यकारिणी के चुनाव की प्रक्रिया शुरू
नये कार्यकारिणी के चुनाव हेतु अध्यक्ष के प्रस्ताव पर सभा में उपस्थित तीन संरक्षकों आलोक कुमार झा, संयोग कुमार ठाकुर एवं श्रीकांत मिश्र तथा तीन सलाहकारों भवकान्त झा, तृप्ति नारायण झा एवं सत्येन्द्र नाथ झा की छ: सदस्यीय समिति की मंत्रणा के पश्चात वरिष्ठ सलाहकार रामशरण झा का नाम मतदान अधिकारी हेतु प्रस्तावित किया गया, जिसे सम्पूर्ण सभा द्वारा अनुमोदित किया गया।
धीरेन्द्र कुमार झा धीरू को यह जिम्मेदारी दी गयी कि वह नवनियुक्त मतदान अधिकारी को संविधान की प्रति उपलब्ध करवाने की व्यवस्था करें।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



