जीएचएमसी : पूरे हुए विकास कार्यों का हो शीघ्र उद्घाटन
हैदराबाद, ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि शहर में जितने भी विकास कार्य पूरे हुए हैं, उनका शीघ्र उद्घाटन कर जनता के लिए उपलब्ध कराया जाए। साथ ही उन कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को अवश्य शामिल किया जाए।जीएचएमसी महापौर यहाँ निगम की स्थायी समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रही थीं।


चूँकि वर्तमान निर्वाचित पदाधिकारियों का कार्यकाल अगले माह समाप्त हो रहा है, इसलिए आज बड़ी संख्या में प्रस्ताव पारित किये गये। विशेष रूप से हाल ही में निगम में विलीन नगर निगमों और नगरपालिकाओं के कर्मचारियों की हाजरी के लिए फेस रिकग्निशन सुविधा प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया। महापौर गदवाल विजलक्ष्मी ने अधिकारियों से कहा कि पूर्ण हो चुके विकास कार्यों को तुरंत शुरू करने की व्यवस्था कर उद्घाटन कार्यक्रमों में स्थानीय पार्षदों और जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए। साथ ही लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने हेतु कदम उठाए जाएँ।
स्थायी समिति की बैठक में 21 एजेंडा विषयों तथा लगभग 23 अतिरिक्त एजेंडा विषयों को मंज़ूरी देकर लगभग 8 नये प्रस्तावों पर चर्चा की गयी। बैठक में जीएचएमसी आयुक्त आर.वी. कर्णन, स्टैंडिंग कमेटी सदस्य, निगम के अतिरिक्त तथा जोनल आयुक्त एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें… रेवंत रेड्डी 4 से 6 दिनों तक करेंगे नगर निगम चुनाव प्रचार
पारित प्रमुख प्रस्तावों में सनतनगर एवं फतेहनगर क्षेत्रों में बरसाती नाले और सीवरेज नेटवर्क, पटेल नगर एसटीपी से डी-मार्ट तक 36 मीटर चौड़ी सड़क, शहर में एटीएससी ट्रैफिक सिग्नल सिस्टम के रखरखाव हेतु अनुबंध अवधि का विस्तार, 8 ड्राफ्ट्समैन ग्रेड-3 को टाउन प्लानिंग सुपरवाइजर पद पर पदोन्नति, श्री बी. डॉ. विजय कुमार दाटला फाउंडेशन तथा लाइटहाउस कम्युनिटीज फाउंडेशन द्वारा युवाओं के लिए कौशल विकास कार्यक्रम, बेगमबाजार फिश मार्केट में दुकानों के लीज आधार पर आवंटन में रोस्टर से छूट, काटेदान स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स एवं स्विमिंग पूल में खेल आयोजनों के लिए यूजर फीस निर्धारण, मौलाली आरओबी का पुनरुद्धार, जीएचएमसी जीआईएस प्लेटफॉर्म का विकास, कॉलोनी पार्कों का रखरखाव, बतुकम्मा कुंटा पार्क को वी. हनुमंतराव का नाम, मस्जिद बंडा से बोटानिकल गार्डन तक 120 फीट सड़क विकास, उस्मानगंज कलवर्ट से किशनगंज तक अफजल सागर नाले की रीमॉडलिंग, छत्रीनाका एक्स रोड से तालाबकट्टा तक नाले के रीमॉडलिंग, शिवाजी नगर से छत्रीनाका तक बॉक्स ड्रेन निर्माण, कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में वृद्धि जैसे प्रस्ताव शामिल हैं।
अधिकारियों ने बरकतपुरा जंक्शन पर भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा स्थापित करने, बैरामलगुड़ा फ्लाईओवर के पास सड़क को वंगा मधुसूदन रेड्डी का नाम देने, बैरामलगुड़ा जंक्शन से ओवैसी जंक्शन तक 60 मीटर सड़क विस्तारीकरण एवं अन्य प्रस्ताव भी चर्चा के लिए समिति के समक्ष रखे गये। इनमें 6 प्रस्ताव पारित कर दो प्रस्ताव जीएचएमसी परिषद को भेजने का निर्णय लिया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



