जीएचएमसी : प्रजावाणी में शिकायतों की भरमार

हैदराबाद, महानगर हैदराबाद परिधि के तीनों नगर निगमों में प्रजावाणी कार्यक्रमों में शिकायतों की भरमार रही। जीएचएमसी में जहाँ 56 शिकायतें प्राप्त हुईं, वहीं साइबराबाद में 54 और मल्काजगिरी नगर निगम कार्यालयों में 40 शिकायतें प्राप्त हुईं।

ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम मुख्यालय में प्रजावाणी शिकायत निवारण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त आयुक्त (प्रशासन) के. सत्यनारायण, मुख्य अभियंता सहदेव रत्नाकर, मुख्य सिटी प्लानर के. श्रीनिवास सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान विभिन्न जोनों से कुल 56 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें सबसे अधिक 37 शिकायतें मुख्यालय में दर्ज की गईं, जबकि सिकंदराबाद जोन से 8 और शमशाबाद जोन से 5 शिकायतें मिलीं।

साइबराबाद नगर निगम में आयोजित प्रजावाणी कार्यक्रम में 54 शिकायतें प्राप्त हुईं। आयुक्त और वरिष्ठ अधिकारियों ने नागरिकों से उनकी समस्याएँ सुनीं और संबंधित विभागों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। इनमें टाउन प्लानिंग विभाग से जुड़ी 38, अतिक्रमण से जुड़ी पाँच तथा स्वचछता एवं सफाई से जुड़ी 4 शिकायतें शामिल हैं।

आयुक्त सृजना ने बताया कि कार्यक्रम में नागरिकों को अधिकारियों से सीधे मिलने का अवसर मिलता है। सभी शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिये जाते हैं। टाउन प्लानिंग और अतिक्रमण से जुड़ी शिकायतें सबसे अधिक मिल रही हैं और उसी के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। मल्काजगिरी नगर निगम आयुक्त टी. विनय कृष्णा रेड्डी ने मुख्य कार्यालय में प्रजावाणी कार्यक्रम के दौरान लोगों की शिकायतें सुनीं। उन्होंने लोगों से मुलाकात की। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों ने शिकायतों की जाँच की।

कार्यक्रम में कुल 40 शिकायतें मिलीं। आयुक्त ने सभी शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए उनके जल्द समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। समाधान होने तक लगातार निगरानी की जाएगी।

सड़कों और पार्कों पर अतिक्रमण के मामलों में वृद्धि

हैद्रा के प्रजावाणी कार्यक्रम में मिलीं शिकायतों से स्पष्ट है कि शहर में विभिन्न स्थानों पर सड़कों और पार्कों पर अतिक्रमण के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। हैद्रा के प्रजावाणी कार्यक्रम में सोमवार को कुल 46 शिकायतें दर्ज की गईं। लोगों ने शिकायत की कि लेआउट बनाते समय दिखाए गए पार्क बाद में प्लॉट में बदल दिए जा रहे हैं। कई जगह सड़कों के दोनों ओर प्लॉट बेचकर बीच की सड़क को ही खत्म कर दिया गया है।

एक शिकायत में कहा गया कि जगदंबा कॉलोनी में विजयवाड़ा हाईवे के पास अस्थायी झोपड़ियाँ बनाकर किराया वसूला जा रहा है। वहीं कॉलोनी और बीडीएल कॉलोनी को जोड़ने वाली सड़क पर दीवार बनाकर रास्ता बंद कर दिया गया है। अमीनपुर मंडल में इंडस्ट्रीयल एम्प्लॉइज कोऑपरेटिव हाउस बिल्डिंग सोसाइटी ने शिकायत की कि पुराने लेआउट की अनदेखी कर सड़कों और पार्कों पर कब्जा कर मकान बनाए जा रहे हैं। उप्पल ईस्ट कल्याणपुरी में जीएचएमसी पार्क में जी प्लस टू भवन निर्माण का मामला भी सामने आया है।

यह भी पढ़ें… विचाराधीन है आरटीसी के सरकारी विलय का प्रस्ताव : पोन्नम प्रभाकर

तुर्कयमजल नगरपालिका के नीलाद्रि नगर फेज 2 में सड़कों पर अतिक्रमण की शिकायत मिली, जबकि कापरा की जय जवान कॉलोनी में सार्वजनिक उपयोग के लिए छोड़ी गई जमीन पर अवैध प्लॉट बनाए जाने का आरोप है। मेड़चल-मल्काजगिरी जिले के बौरमपेट में सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण की शिकायत करते हुए स्थानीय लोगों ने वहां सरकारी स्कूल स्थापित करने की मांग की है। इन सभी शिकायतों की जांच करते हुए हैद्रा के अतिरिक्त आयुक्त आर. सुदर्शन ने मामलों को संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया और समाधान के निर्देश दिए।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button