जनजातीय क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध : रेवंत रेड्डी
हैदराबाद, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा कि राज्य सरकार आदिवासी और एजेंसी क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मंत्री सीतक्का के नेतृत्व में आदिवासी विधायकों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से जुबली हिल्स स्थित उनके आवास पर मुलाकात कर विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए ज्ञापन सौंपा।
मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि इन क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विकास में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि एजेंसी क्षेत्रों में चेक डैम निर्माण पर जोर दिया जाएगा, जिससे पीने और सिंचाई के पानी की जरूरतें पूरी की जा सकेंगी।
साथ ही सड़कों और चेक डैम निर्माण में वन विभाग से आने वाली बाधाओं को दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने आदिवासी किसानों को उनकी जमीनों पर बोरवेल की अनुमति देने के अनुरोध पर सकारात्मक रुख दिखाया। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क निर्माण और मरम्मत में देरी से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए।
यह भी पढ़ें… बिजली कर्मचारियों की समस्या के समाधान के लिए समिति : भट्टी विक्रमार्का
मुख्यमंत्री ने आदिवासी क्षेत्रों में इंदिरम्मा आवास योजना के तहत घरों की संख्या बढ़ाने पर भी विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि आईटीडीए को और मजबूत किया जाएगा तथा सरकार हर स्तर पर आदिवासी समुदायों के साथ खड़ी रहेगी। प्रतिनिधिमंडल में खानापुर विधायक वेडमा बोज्जु, पिनापाका विधायक पायम वेंकटेश्वरलू, महबूबाबाद विधायक डॉ. मुरली नायक एवं अन्य शामिल थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



