राज्यपाल ने किया हैसिया इम्पैक्ट हब का उद्घाटन
हैदराबाद, राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने कहा कि हैदराबाद का आईटी उद्योग न केवल विकास के लिए, बल्कि सामाजिक कल्याण और पर्यावरणीय प्रबंधन के लिए भी शक्ति बन गया है। राज्यपाल यहाँ एचआईसीसी में आयोजित हैदराबाद सॉफ्टवेयर एंटरप्राइजेस असोसिएशन (हैसिया) के सस्टेनेबल डेवलपमेंट समिट और पुरस्कार समारोह को संबोधित कर रहे थे। इसमें राजनीतिज्ञ, अधिकारी, उद्योगपति, गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि और शिक्षाविदों ने उद्देश्यपूर्ण नेतृत्व और सामूहिक कार्रवाई के माध्यम से स्थायी सामाजिक प्रभाव पैदा करने के मुद्दे पर विचार-विमर्श किया।
शिखर सम्मेलन के दौरान जिष्णु देव वर्मा ने सीएसआर एक्सचेंज पोर्टल इम्पैक्ट हब का उद्घाटन किया। राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि हैसिया और उसकी सदस्य कंपनियां व्यावसायिक सफलता और सामाजिक जिम्मेदारी साथ-साथ किस तरह चलती हैं, इसका अच्छा उदाहरण पेश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सच्ची प्रगति को सबसे कमजोर लोगों के जीवन की गुणवत्ता से मापा जाता है।
सीएसआर सिर्फ मुनाफे का एक प्रतिशत नहीं है, बल्कि यह जिम्मेदारी और सहानुभूति की संस्कृति है। हैसिया इम्पैक्ट हब लांच करना और उद्देश्य के साथ नेतृत्व करने वाली कंपनियों को मान्यता देना सराहनीय कार्य है। इससे स्पष्ट है कि हैदराबाद का आईटी उद्योग न केवल विकास के लिए, बल्कि सामाजिक भलाई और पर्यावरणीय प्रबंधन के लिए भी शक्ति बन गया है। इस तरह कॉर्पोरेट्स, सरकार और नागरिक समाज नवाचार को समावेशन और विकास को जिम्मेदारी के साथ संरेखित करेंगी तो तेलंगाना देश में सतत और समावेशी विकास के लिए मानदंड स्थापित करेगा।
हैसिया अवार्ड्स 2025 और आईटी उद्योग का सामाजिक योगदान
राज्यपाल ने शिक्षा और कौशल, पर्यावरण और स्थिरता तथा सामुदायिक स्वास्थ्य और कल्याण के क्षेत्रों में स्थायी सामाजिक प्रभाव बनाने के लिए आईटी/आईटीईएस कंपनियों को हैसिया सस्टेनेबल डेवलपमेंट अवार्ड्स 2025 प्रदान किए। पुरस्कार ग्रहिताओं में बॉश ग्लोबल सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजिस प्राइवेट लिमिटेड, इंफोसिस लिमिटेड, कॉग्निजेंट टेक्नोलॉजी सॉल्यूशंस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, चब बिजनेस सर्विसेज इंडिया एलएलपी, टेक महिंद्रा लिमिटेड, डीबीएस टेक इंडिया, माइक्रोन टेक्नोलॉजी ऑपरेशंस इंडिया एलएलपी, पेगासिस्टम्स वर्ल्ड वाइड इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, वेबपीटी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड एवं मौरी टेक फाउंडेशन शामिल हैं।
एक्सपो के उद्घाटन के अवसर पर हैसिया के अध्यक्ष प्रशांत नांदेल्ला ने कहा कि हैदराबाद का आईटी और आईटीईएस उद्योग हमेशा नवाचार और विकास का प्रोत्साहक है। हैसिया उद्योग विकास के साथ-साथ सीएसआर फोरम के माध्यम से शिक्षा, पर्यावरण और स्वास्थ्य में सामूहिक कार्रवाई से जीवन बदलने के लिए भी काम करता रहा है। हजारों सरकारी स्कूली छात्रों को डिजिटल साक्षरता प्रदान की जा रही है। शहर को हरा-भरा बनाने के लिए स्वयंसेवकों को जुटाया जा रहा है। महामारी के दौरान स्वास्थ्य सेवा को मजबूत करने पर काफी काम किया गया।
इस शिखर सम्मेलन में इम्पैक्ट हब प्रारंभ किया जा रहा है, जिससे सामजिक प्रतिबद्धता को और आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सम्मेलन के दौरान जिन पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया गया है, वे हमारे पारिस्थितिकी तंत्र में सर्वश्रेष्ठ का प्रतिनिधित्व करते हैं। सभी साथ मिलकर हैदराबाद को न केवल वैश्विक प्रौद्योगिकी केंद्र के रूप में, बल्कि स्थिरता और समावेशी विकास में अग्रणी के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से कार्यरत हैं।
यह भी पढ़ें… दमरे का सतर्कता जागरूकता व्याख्यान संपन्न
हैसिया इम्पैक्ट हब और सामाजिक नवाचार पैनल चर्चा
उपाध्यक्ष रघु बोड्डूपल्ली ने कहा कि हैसिया इम्पैक्ट हब के लांच के साथ संस्था ने डेटा संचालित, सहयोगी सामाजिक नवाचार के नए युग में प्रवेश किया है। प्रौद्योगिकी उद्योग की ताकत को जमीनी स्तर के संगठनों के समर्पण के साथ मिलाकर शिक्षा, पर्यावरण और सामुदायिक कल्याण में वास्तविक परिवर्तन को गति दी जा सकेगी। सम्मेलन के दौरान महिला सशक्तिकरण और महिला सुरक्षा के अलावा शिक्षा से रोजगार, पर्यावरण और स्थिरता, सामुदायिक स्वास्थ्य और कल्याण, स्वयंसेवा और सीएसआर जैसे मुद्दों पर विशेष पैनल चर्चा की गयी।
अन्य वक्ताओं में एसईआरपी की सीईओ दिव्या देवरंजन, हैदराबाद जिलाधीश हरिचंदना दासरी के अलावा विभिन्न उद्योगों एवं संस्थाओं से जुड़े रामम आत्मकुरी, अमित वात्सयायन, अमजद खान पटन, मनीषा साबू, माधव चव्हाण, इंद्रजीत शॉ, सी मनीष सेहगल, कल्पना रमेश, कृष्णा कुमारी पल्ले, मीना मुरुगप्पन, गौतम पारचा, डी.पी.के. बाबू, नितिन शर्मा, दीपक प्रभु मट्टी, सिद्धार्थ दत्ता, मीनू भंभानी, उस्मान अख्तर, किरणमयी पेंद्याला, मयूर पाटनला, सुमित माथुर एवं बालकुमार थंगावेलु शामिल थे। राज्यपाल के विशेष सचिव दाना किशोर भी अवसर पर उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



