राज्यपाल ने प्रदान किए एफटीसीसीआई उत्कृष्टकता पुरस्कार

हैदराबाद, उद्यमिता में उत्कृष्टता की भावना का जश्न मनाने के लिए फेडरेशन ऑफ तेलंगाना चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा एफटीसीसीआई उत्कृष्टकता पुरस्कार-2025 प्रदान किए गए। बंजारा हिल्स स्थित होटल ताज डेकन में भव्य रूप से आयोजित हुए पुरस्कार समारोह तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा द्वारा विविध कंपनियों तथा उद्यमियों को तेलंगाना में उद्यमिता तथा विभिन्न क्षेत्रों के विकास में उल्लेखनीय योगदान प्रदान करने के लिए पुरस्कृत किया गया।

राज्यपाल ने पुरस्कार समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि उत्कृष्टता कोई कार्य या आदत नहीं है, अपितु उत्कृष्टता, मानसिकता और सोचने का तरीका है। उन्होंने तेलंगाना के औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र में एफटीसीसीआई के स्थायी योगदान की सराहना करते हुए कहा कि एक संपन्न उद्योग एक मजबूत अर्थव्यवस्था और एक सशक्त समाज को आकार देते हैं। यही कारण है कि तेलंगाना आज एक प्रगतिशील औद्योगिक राज्य के रूप में अपनी पहचान रखता है। राज्यपाल ने अपने संबोधन में धीरूभाई अंबानी तथा एनआर नारायण मूर्ति सहित उद्योग जगत के दिग्गजों का हवाला देते हुए बड़े सपने तथा लक्ष्यों को साधने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विनम्रता भी सफलता का सबसे बड़े मंत्रों में शामिल है।

19 श्रेणियों में उद्यमियों को मिला सम्मान

उल्लेखनीय है किएफटीसीसीआई द्वारा उत्कृष्टकता पुरस्कार गुणवत्तापूर्ण उत्पादन, नवाचार, सतत विकास और राज्य के सकल घरेलू उत्पाद में महत्वपूर्ण योगदान के लिए जाने जाने वाले संगठनों तथा व्यक्तियों को प्रदान किए जाते हैं। इस वर्ष 19 श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए। यह पुरस्कार बड़े उद्योग और एसएमई, कृषि, स्वास्थ्य सेवा, निर्यात, सीएसआर, एयरोस्पेस, रक्षा उद्योग, फार्मा, पर्यटन एवं आतिथ्य, मार्केटिंग, उत्पादन, नवाचार अनुसंधान और विकास, स्टार्ट-अप आदि जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने के लिए प्रदान किया गया।

एफटीसीसीआई उत्कृष्टकता पुरस्कार-2025 में तेलंगाना के उद्यमियों और संगठनों को विविध क्षेत्रों में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

एफटीसीसीआई उत्कृष्टकता पुरस्कार-2025प्राप्तकर्ताओं में एम/एस रवि फूड्स प्राइवेट लिमिटेड, मैक्रो मीडिया डिजिटल इमेजिंग प्राइवेट लिमिटेड, सोम फाइटोफार्मा इंडिया लिमिटेड, श्रीनाथ रोटोपैक प्राइवेट लिमिटेड, हरिओम पाइप इंड्रस्टीज लिमिटेड, यूनीस्ट्रिंग टेक साल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड, बायोकान लिमिटेड, प्रगति ग्रीन मैडोज एंड रिसार्ट्स लिमिटेड, महालक्ष्मी प्रोफाइल्स प्राइवेट लिमिटेड, ब्लेंड कलर्स प्राइवेट लिमिटेड, एमक्यूएस टेक्नालाजीज प्राइवेट लिमिटेड, एलवीप्रसाद आई इंस्टीट्यूट, एनएमडीसी लिमिटेड, थर्मोफ्लाएज इंड्रस्टीज प्राइवेट लिमिटेड सहित अन्य का नाम शामिल रहा।

अवसर पर व्यक्तिगत श्रेणी में भी उत्कृष्टता पुरस्कार प्रदान किए गए। इनमें आईआईटी हैदराबाद के प्रोफेसर डॉ.पी.राजलक्ष्मी (विज्ञान तथा इंजीनियरिंग), ईजीलाइफ मोबिलिटी इन्नोवेशंस प्राइवेट लिमिटेड की निदेशक डॉ.हिमा बिंदु नल्लूरी (महिला तथा सामाजिक उद्यमिता), टेकरा साल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के फाउंडर रवींद्र सिंह (विशेष क्षमता वाले व्यक्ति द्वारा आत्मनिर्भरता के प्रयास) का नाम शामिल रहा।

यह भी पढ़ें… तेलंगाना माँगे मोर, पीयूष गोयल से रेवंत ने की कई डिमांड

पुरस्कारों का उद्देश्य उद्यमशीलता को प्रोत्साहन देना

अवसर पर राज्यपाल ने निर्णायक मंडल के सदस्यों न्यायमूर्ति चल्ला कोदंडा राम, सेवानिवृत आईएएस एम.गोपाल कृष्ण, अजय मिश्रा, बीपी आचार्य, तथा आईआईटी हैदराबाद के संस्थापक निदेशक प्रोफेसर उदय बी. देसाई को भी सम्मानित किया। तेलंगाना सरकार के उद्योग निदेशक निखिल चक्रवर्ती ने तेलंगाना के औद्योगिक नेतृत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने उद्योगों से तेलंगाना के डिजिटल रोजगार कार्यालय और श्रमिक प्रशिक्षण मंच जैसी नई पहलों का लाभ उठाने का आग्रह किया।

एफटीसीसीआई उत्कृष्टकता पुरस्कार-2025 में तेलंगाना के उद्यमियों और संगठनों को विविध क्षेत्रों में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

एफटीसीसीआई के अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार सिंघल ने अवसर पर स्वागत वक्तव्य देते हुए कहा कि 1974 में शुरू किए गए एफटीसीसीआई उत्कृष्टता पुरस्कारों का मुख्य उद्देश्य पूरे राज्य में उत्कृष्टता और उद्यमशीलता की भावना को प्रोत्साहन देना है। उन्होंने कहा कि पिछले लगभग पांच दशकों में यह पुरस्कार तेलंगाना के सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों में एक बन गया है।

एफटीसीसीआई उत्कृष्टता पुरस्कार कमेटी के अध्यक्ष रमाकांत इन्नानीने अवसर पर कहा कि तेलंगाना औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र मजबूत बुनियादी ढांचे के साथ सतत विकास की ओर अग्रसर है। एफटीसीसीआई उद्यमियों और उद्यमों को अपने संबंधित क्षेत्रों में उत्कृष्टता प्राप्त करने और अर्थव्यवस्था और समाज के लिए मूल्य बनाने के लिए प्रोत्साहित करता है। एफटीसीसीआई उत्कृष्टकता पुरस्कार इसी दिशा में एक कदम है।अवसर पर एफटीसीसीआई के वरिष्ठ उपाध्यक्ष आर.रवि कुमार, उपाध्यक्ष के.के. माहेश्वरी, अन्य पदाधिकारी, उद्यमी व गणमान्य उपस्थित थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button