पुलिसकर्मियों की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए हेल्थ प्रोफाइल : वी.सी. सज्जनार

हैदराबाद, नगर पुलिस आयुक्त वी.सी. सज्जनार ने कहा कि पुलिसकर्मियों की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए हेल्थ प्रोफाइल अमल में लाया जा रहा है। इसके तहत नगर पुलिस आयुक्तालय की परिधि में प्रत्येक पुलिसकर्मी का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनके स्वास्थ्य के संबंध में हेल्थ प्रोफाइल तैयार किया जाएगा। स्वास्थ्य संबंधी रिपोर्ट के आधार पर उन्हें विभिन्न श्रेणियों में विभक्त किया जाएगा। उन्होंने नामपल्ली स्टेशन रोड स्थित फर्नीचर शॉप में लगी अग्नि दुर्घटना के दौरान बहादुरी का परिचय देने वाले आम नागरिकों की प्रशंसा की। इस अवसर पर नगर पुलिस आयुक्त ने दिनेश नामक एक कर्मचारी का सम्मान भी किया।

यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि सज्जनार ने सीएआर मुख्यालय पेट्लाबुर्ज में आयोजित गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। उन्होंने हेल्थ प्रोफाइल को अमल में लाने की घोषणा करते हुए कहा कि मेडिकल जाँच रिपोर्ट के आधार पर पुलिसकर्मियों को ए, बी, सी, डी और ई पाँच वर्गों में बाँटा जाएगा।

इसके बाद पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य की स्थिति के अनुसार उनकी देखभाल करते हुए उन्हें स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि शहर में कोई भी त्यौहार आये या कोई भी सुरक्षा संबंधी कार्यक्रम हो, पुलिसकर्मी अपने परिवार को छोड़कर पूरी लगन से अपना कर्त्तव्य निभा रहे हैं। इसीलिए उनके स्वास्थ्य की देखरेख करना और उनके परिवार के कल्याण की जिम्मेदारी पुलिस विभाग की है। इसीलिए हेल्थ प्रोफाइल को अमल में लाया जा रहा है।

ड्रग्स की महामारी रोकने हेतु हैदराबाद एनफोर्समेंट सशक्त

सज्जनार ने कहा कि समाज में फैली ड्रग्स की महामारी को समाप्त करने के लिए हैदराबाद नारकोटिक एनफोर्समेंट विंग को और अधिक सशक्त किया जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों और युवकों से अपील की कि युवक नशे की लत में पड़कर अपना भविष्य बर्बाद न करें, वहीं अभिभावकों को चाहिए कि वे अपने बच्चों पर कड़ी नजर रखें। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट को भी काफी गंभीर अपराध के रूप में देखा जा रहा है।

इस समस्या से निपटने के लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के साथ मिलकर पुलिस की विशेष टीम बनाई गई है, जो नियमित अंतराल पर औचक छापे मारकर मिलावट करने वाले व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि हैदराबाद सांप्रदायिक सद्भावना और धार्मिक एकता का प्रतीक वाला शहर है तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जन-भागीदारी भी आवश्यक है। उन्होंने आम जनता से सोशल मीडिया की अफवाहों पर यकीन न करने और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर डायल 100 पर संपर्क करने की अपील की।

यह भी पढ़ें… सामाजिक न्याय और समान अवसर के लिए प्रतिबद्ध सरकार : भट्टी विक्रमार्का

इस अवसर पर सज्जनार ने नामपल्ली अग्नि दुर्घटना के दौरान साहस का परिचय देने वाले दिनेश, मो. जाकीर, कलीम, रहीम, अमर और स्थानीय पार्षद सुरेखा ओमप्रकाश व जफर खान की प्रशंसा कर उनका सम्मान किया। इस मौके पर अफजलगंज निवासी दिनेश का खास तौर पर सम्मान किया गया, जिन्होंने हैदराबाद की गंगा-जमुनी तहजीब की संस्कृति को बढ़ावा है। इस कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्रीनिवासुलू, दक्षिण रेंज के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त तफ्सीर इकबाल, संयुक्त यातायात पुलिस आयुक्त डी. जोयल डेविस, उत्तरी रेंज की संयुक्त पुलिस आयुक्त श्वेता, सीएआर मुख्यालय के पुलिस उपायुक्त वेंकटेश्वरुलू व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button