गर्मी का कहर, हीट स्ट्रोक से बचने की चेतावनी – विशेषज्ञ
नयी दिल्ली, देश के विभिन्न हिस्सों में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को शरीर में पानी की कमी और लू लगने जैसी समस्याओं को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। चिकित्सकों के अनुसार गर्मी का सामान्य प्रभाव त्वचा संबंधी परेशानियां लेकर आता है। इसके बाद सूजन, मांसपेशियों में ऐंठन, थकान और चक्कर जैसी समस्याएं भी सामने आने लगती है। लंबे समय तक धूप और गर्म वातावरण में रहने से लू लगने (हीटस्ट्रोक) का खतर बढ़ सकता है, जो जानलेवा साबित हो सकता है।
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) दिल्ली के मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर नवल के. विक्रम ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि गर्मी के कारण शरीर में कई प्रकार की दिक्कतें आती हैं। उन्होंने कहा, “गर्मी की वजह से सबसे पहले तो त्वचा संबंधी परेशानियां सामने आती हैं जिन्हें घमोरियां कहते हैं। अधिक पसीने के कारण खुजली और त्वचा संबंधी परेशानी होती है। कई लोगों को हाथ-पैरों में सूजन की शिकायत भी हो जाती है।”
निर्जलीकरण से बचाव के लिए जरूरी उपाय बताए
प्रोफेसर विक्रम ने बताया कि अधिक पसीना निकलने के कारण शरीर में निर्जलीकरण की समस्या होती है और साथ ही सोडियम व इलेक्ट्रोलाइट का स्तर भी कम हो जाता है। इससे मांसपेशियों में ऐंठन (क्रैम्प) हो सकती है। यह स्थिति खासकर उन लोगों में अधिक देखने को मिलती है जो गर्मी में अधिक शारीरिक श्रम करते हैं, जैसे मजदूर, किसान और खिलाड़ी।
‘‘ ज्यादा गर्मी बढ़ने पर व्यक्ति को अत्यधिक थकान, सिरदर्द, कमजोरी और उल्टी जैसा महसूस हो सकता है। गंभीर स्थिति में यह हीट स्ट्रोक का रूप ले सकता है, जो शरीर के कई महत्वपूर्ण अंगों जैसे मस्तिष्क, हृदय और किडनी को प्रभावित कर सकता है और जानलेवा भी हो सकता है।
भीषण गर्मी में स्वास्थ्य पर बढ़ा खतरा
लोगों में गर्मी से जुड़ी समस्याओं को लेकर अक्सर यह भ्रम रहता है कि हल्के लक्षणों में घरेलू उपाय पर्याप्त हैं, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि कुछ संकेत ऐसे होते हैं जिन्हें नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है।
प्रोफेसर ने बताया, “गर्मी से जुड़ी अधिकतर समस्याओं का घर पर ही इलाज किया जा सकता है लेकिन अगर किसी व्यक्ति की मांसपेशियों में बहुत ज्यादा ऐंठन हो रही हो, अत्यधिक थकान महसूस हो रही हो, तेज चक्कर आ रहे हों, व्यवहार असामान्य हो और साथ ही शरीर का तापमान लगातार बढ़ रहा हो तो ये गंभीर संकेत हैं। ऐसी स्थिति में घर पर इलाज पर्याप्त नहीं है और तुरंत अस्पताल जाना जरूरी है।”
चिकित्सकों के अनुसार गर्मी से बचाव के लिए दिनभर पर्याप्त पानी पीना चाहिए। नारियल पानी, छाछ और नींबू पानी जैसे प्राकृतिक पेय काफी फायदेमंद होते हैं। विशेषज्ञ यह भी सलाह देते हैं कि दोपहर 12 से तीन बजे के बीच सीधे धूप में बाहर निकलने से बचना चाहिए। हालांकि रेहड़ी-पटरी पर काम करने वालों की दिनचर्या का बड़ा हिस्सा ही तपती धूप के बीच सड़क किनारे बीतता है।
गर्मी के ऐसे मौसम में अपनी डाइट का ख्याल रखना भी बेहद जरुरी
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स,ऋषिकेश) की आहार विशेषज्ञ डा. अनु अग्रवाल ने बताया,‘‘ इस मौसम में हल्का और सुपाच्य भोजन लें। फल, सलाद, दही, छाछ, नारियल पानी, नींबू पानी, सत्तू, आम पन्ना और बेल का शरबत जैसी चीजें शरीर को ठंडक देती हैं और हाइड्रेट रखती हैं।’’
चूंकि गोंद कतीरा और चिया सीड्स काफी मात्रा में पानी सोखते हैं, इसलिए गर्मियों में इन्हें अपनी डाइट में शामिल करने से शरीर को लंबे समय तक तरोताजा रखने में मदद मिलती है।’’ उन्होंने बताया,‘‘ इसके विपरीत, तैलीय और मसालेदार भोजन पाचन प्रक्रिया को धीमा कर देता है और शरीर में अतिरिक्त गर्मी पैदा करता है। गर्मी में हमारा पाचन तंत्र पहले से ही थोड़ा कमजोर रहता है, ऐसे में भारी खाना खाने से गैस, उल्टी, एसिडिटी और असहजता की समस्या बढ़ सकती है। कई लोगों को खाने के बाद भारीपन और मतली महसूस होती है। इसलिए इस मौसम में हल्के, ताजे और घर में बने भोजन को ही प्राथमिकता दें ताकि शरीर संतुलित और स्वस्थ बना रहे।’’ (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





