हैदराबाद : नशे की दवा छिड़ककर 10 लाख रुपये लूटे
हैदराबाद, नगर के सीमांत क्षेत्र कंदूकूर थाना परिधि में लुटेरों ने बैंक से 10 लाख रुपये निकालकर मोटरसाइकिल पर जा रहे एक व्यक्ति के चेहरे पर नशे की दवा छिड़कने के बाद उसके पास से 10 लाख रुपये लूट लिये।
पुलिस ने बताया कि अनोजीगुड़ा निवासी डी. नारायण खेती के अलावा दूध का व्यापार करता है। आज गुरुवार को नारायण एसबीआई कंदूकूर शाखा से कुछ कार्य हेतु 10 लाख रुपये निकाले और पैसे अपने वाहन की डिक्की में रखकर गाँव के लिए रवाना हुआ। बैंक के पास से ही कुछ लुटेरे उसका पीछा कर रहे थे और रास्ते में लुटेरों ने नारायण का रास्ता रोक लिया और उसके चेहरे पर नशे की दवाई छिड़क दी।
यह भी पढ़ें… बड़े भाई ने कर दी शराबी युवक की हत्या
दवाई के प्रभाव के कारण नारायण नशे में चला गया। इस दौरान चोरों ने उसकी डिक्की से 10 लाख रुपये निकाल लिए और फरार हो गए। नशे की हालत में घर पहुँचे नारायण ने पैसे निकालने के लिए डिक्की खोली, लेकिन उसमें रखी गई नकदी नदारद थी। इस घटना की नारायण ने पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने मामला दर्ज कर बैंक से लेकर घटनास्थल तक सीसी टीवी वीडियो फुटेज की छानबीन की, जिसमें चार लुटेरों को नारायण का पीछा करते हुए देखा गया। फुटेज के आधार पर पुलिस लुटेरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





