हैदराबाद : 5 माह बाद सुलझी हत्या की गुत्थी
हैदराबाद, मल्काजगिरी की नेरेडमेट पुलिस ने पाँच माह बाद हत्या की गुत्थी को सुलझाकर हत्यारे को गिरफ़्तार कर लिया। मल्काजगिरी जोन के पुलिस उपायुक्त सी.एच. श्रीधर ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बताया कि 15 दिसंबर, 2025 को हुई हत्या की गुत्थी को सुलझाकर हत्यारे गव्वाला मल्लेश (47) को कल जुबली बस स्टेशन से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि गत 17 अप्रैल को जे.के. कॉलोनी निवासी मकान मालिक ने थाने आकर शिकायत दर्ज करवाई। उसने बताया कि किराए पर दिए गए उसके मकान से दुर्गंध आने के कारण उसने तालाबंद मकान का ताला तोड़कर जाँच की और मकान के भीतर किचन के स्लैब के नीचे ईंटों से बनाए गए चबूतरे के भीतर एक सड़ा-गला शव देखा गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस इंस्पेक्टर संदीप कुमार और गुप्तचर इंस्पेक्टर सी.एच. श्रीनिवास ने घटनास्थल की छानबीन की। शव के सड़ जाने के कारण उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन प्रारंभ की। जाँच-पड़ताल के दौरान पता चला कि मूलतः सिरसनगंडला ग्राम कोंडापाका ग्राम, सिद्दीपेट निवासी पेशे से प्लम्बर गव्वाला मल्लेश झगड़ों के चलते अपने परिवार से अलग हो गया था। उसके खिलाफ इससे पूर्व कुशाईगुड़ा पुलिस ने आपराधिक मामला दर्ज कर उसे जेल भी भेजा था।
जेल से बाहर आने के बाद वह हैदराबाद आ गया और जेके कॉलोनी नेरेडमेट में मकान किराए पर लेकर अकेले रहते हुए प्लम्बिंग का कार्य कर रहा था। कार्य के दौरान मजदूर अड्डे पर उसकी मुलाकात लक्ष्मीनगर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, मौलाली निवासी व मूलतः चिन्नाचिंताकुंटा मंडल, महबूबनगर ज़िले के लालकोटा ग्राम निवासी पेशे से मजदूर कंची वेंकट रामुलू (47) से हुई। रामुलू भी मल्लेश की तरह अपने परिवार से अलग होकर अकेले रह रहा था। दोनों के बीच दोस्ती हो गई और दोनों साथ बैठकर शराब भी पीने लगे थे।
किचन स्लैब के नीचे छुपाया गया शव
गत 15 दिसंबर को मजदूर अड्डे पर काम न मिलने के कारण दोनों ने वहीं एक पास के वाइन शॉप में शराब पी। इसके बाद शराब लेकर मल्लेश वेंकट के साथ अपने घर आ गया, जहाँ दोनों ने साथ बैठकर फिर शराब का सेवन किया। इस दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया और वेंकट रामुलू ने मल्लेश की निजी जिन्दगी को लेकर अपमानजनक बातें की। इस कारण मल्लेश गुस्से में अपना आपा खो बैठा था और वहीं पड़ी लाठी उठाकर वेंकटरामुलू के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। सिर फट जाने से वेंकट रामुलू की मौके पर ही मौत हो गई।
इसके बाद मल्लेश ने वेंकटरामुलू के शव को किचन स्लैब के नीचे छुपाकर स्लैब के निचले हिस्से को ईंट और सीमेंट की दीवार बनाकर बंद कर दिया। शव को ठिकाने लगाने के बाद मल्लेश फरार हो गया। पुलिस ने तकनीकी रूप से छानबीन करने के बाद कल मल्लेश को जुबली बस स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसे अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



