हैदराबाद : ध्यान भंग कर लूटपाट करने वाले धरे गए

हैदराबाद, नारायणगुड़ा पुलिस ने एटीएम सेंटरों के पास पैसा जमा करने के लिए आने वाले लोगों का ध्यान भंग कर लूटपाट करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति में सुल्तान बाजार डिवीजन के सहायक पुलिस आयुक्त एम. मट्ठय्या ने बताया कि इस मामले में पहाड़ी शरीफ निवासी रैपिडो ड्राइवर मो. सलमान (26) और मलकपेट निवासी कॉलेज छात्र अजान तौकीन खान (19) को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी एटीएम सेंटर के पास कैश डिपॉजिट मशीन में पैसा जमा करने के लिए आने वाले लोगों का ध्यान भंग कर उनके पैसे लूट रहे थे।
दोनों लोगों से उनके यूपीआई और जीपे नंबर पर पैसा जमा करने पर नकद भुगतान करने का झाँसा देकर पैसे दिए बिना ही फरार हो जाते थे। दोनों ने मासाब टैंक, सुल्तान बाजार, दोमलगुड़ा और आईएस सदन थाना परिधि में इस प्रकार की 5 आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि गत 13 अप्रैल को आदित्य अग्रवाल ने थाने आकर शिकायत दर्ज करवाई। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि ताज महल होटल के निकट एसबीआई एटीएम सेंटर में जब वे 20 हजार रुपये जमा करने के लिए गए हुए थे, तब दोनों आरोपियों ने उनसे 20 हजार रुपये उन्हें देने के बदले में उनके बैंक खाते में जीपे के जरिए पैसा जमा करने का आश्वासन दिया।
यह भी पढ़ें… आंगनवाड़ी में उबला हुआ अंडा माँगने पर 11 वर्षीय छात्र की पिटाई
पैसे लेने के बाद दोनों ने शिकायतकर्ता के बैंक खाते में जीपे के जरिए पैसा जमा करने का फर्जी मैसेज दिखाया और फरार हो गए। प्राप्त शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन करने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






