हैदराबाद : ध्यान भंग कर लूटपाट करने वाला गिरफ़्तार
हैदराबाद, पुराने शहर की चंद्रायनगुट्टा पुलिस ने फर्जी फोन पे ऐप के जरिए एटीएम सेंटरों के पास लोगों का ध्यान भंग कर लूटपाट करने वाले आरोपी अब्दुल्लाह ओबेद अल हतैली उर्फ अब्दुल्ला (25) को गिरफ्तार कर लिया।
यहाँ संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए चंद्रायनगुट्टा एसीपी ए. सुधाकर और इंस्पेक्टर आर. गोपी ने इस मामले में भवानी नगर, तालाबकट्टा निवासी निजीकर्मी अब्दुल्ला को गिरफ्तार करने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गत 7 अप्रैल को शिकायतकर्ता अब्दुल नसीर ने थाने आकर शिकायत की। उसने अपनी शिकायत में बताया कि 6 अप्रैल को रात 10 बजे वह चंद्रायनगुट्टा चौराहा स्थित एक्सिस बैंक एटीएम सेंटर में 10 हजार रुपये जमा करने के लिए गया था।
इस दौरान वहाँ खड़े आरोपी ने शिकायतकर्ता से कहा कि उसे 10 हजार रुपये नकद की जरूरत है और वह उसे 10 हजार रुपये देगा, तो वह उसके बैंक खाते में फोन पे के जरिए 10 हजार रुपये जमा करेगा। भरोसा कर शिकायतकर्ता ने आरोपी को 10 हजार रुपये दे दिए। इसके बाद आरोपी ने फर्जी फोन पे ऐप के जरिए उसके बैंक खाते में 10 हजार रुपये जमा करने संबंधी मैसेज दिखाकर फरार हो गया।
यह भी पढे़: हैदराबाद : ऑनलाइन गेमिंग और बेट्टिंग फ्रॉड का आरोपी गिरफ़्तार
प्राप्त शिकायत के आधार पर छानबीन कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। जाँच-पड़ताल के दौरान पता चला कि चंद्रायनगुट्टा थाना परिधि में इस प्रकार की तीन घटनाओं को अंजाम दिया गया, जिसमें उसने 34 हजार रुपये ध्यान भंग कर लूट लिए थे। कंचनबाग थाना परिधि में उसने इसी प्रकार 12 हजार रुपये लूट लिए थे। आरोपी के पास से 10 हजार रुपये बरामद किए। अब्दुल्ला को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






