हैदराबाद : यात्री के पास से लैपटॉप और सेलफोन चुराने वाले गिरफ़्तार
हैदराबाद, सिकंदराबाद रेलवे पुलिस ने रेल यात्री के पास से लैपटॉप और सेलफोन चुराने के मामले में तीन चोरों को गिरफ्तार कर लिया।
यहाँ संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए रेलवे पुलिस महानिरीक्षक एस.एन. जाविद ने बताया कि इस मामले में रियासत नगर, रक्षापुरम कॉलोनी संतोषनगर निवासी कार चालक मो. फैजान (23), निजीकर्मी मो. मिर्जा मोजायमी बेग (21) और गुलशन इकबाल कॉलोनी, संतोषनगर निवासी कॉलेज छात्र मो. अशीम अहमद (19) को गिरफ्तार किया गया। इन तीनों ने गत 14 अप्रैल को काचीगुड़ा से यशवंतपुर जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस के कोच नं. 6 में यात्रा कर रहे डाटा एनालिस्ट वंकुडोत गणेश के पास से उसका सेलफोन और लैपटॉप चुरा लिया था।
यह भी पढ़े: हैदराबाद : ऑनलाइन गेमिंग और बेट्टिंग फ्रॉड का आरोपी गिरफ़्तार
प्राप्त शिकायत के आधार पर रेलवे पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसी टीवी वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली। तीनों आरोपियों को कल शाम नारायणगुड़ा चौराहे के पास से बर्गमैन मोटरसाइकिल पर घूमते हुए गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से चुराया गया एसर कंपनी का लैपटॉप, दो सेलफोन और बर्गमैन मोटरसाइकिल बरामद की गई। इनकी गिरफ्तारी रेलवे इंस्पेक्टर आर. येल्लप्पा के नेतृत्व में की गई। तीनों के खिलाफ मामले दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






