हैदराबाद : प्रेमिका के घर के सामने मृतक युवक के रिश्तेदारों ने दिया धरना

हैदराबाद, चिल्कलगुड़ा थाना परिधि में प्रेम प्रसंग को लेकर बुधवार देर रात बी.टेक तृतीय वर्ष के छात्र बोम्मना युवन उर्फ अखिल (23) की नृशंस हत्या कर दी गई थी। इस घटना का विरोध जताते हुए युवन के परिजनों और रिश्तेदारों ने आज सीताफल मंडी स्थित युवन की प्रेमिका के घर के सामने धरना देकर काफी हंगामा मचाया। धरना दे रहे लोगों ने हत्यारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की माँग की।

मौके पर पहुँची पुलिस ने धरना दे रहे लोगों को समझा-बुझाकर वहाँ से हटा दिया। युवन के पिता डबल बेडरूम आवास, जवाहरनगर निवासी बोम्मना श्रीनिवास की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है। श्रीनिवास ने बताया कि युवन का अमरावती हाई स्कूल, नामालगुंडू में 10वीं कक्षा की पढ़ाई के दौरान से ही सीताफल मंडी निवासी चंद्रिका नामक छात्रा से प्रेम प्रसंग चल रहा था। चंद्रिका के परिजनों ने कई बार युवन को चंद्रिका से दूर रहने की धमकी दी थी। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग युवन के मल्ला रेड्डी इंजीनियरिंग कॉलेज में बी.टेक तृतीय वर्ष की पढ़ाई तक जारी रहा।

यह भी पढ़ें… हैदराबाद : नवजात शिशु की बिक्री का पर्दाफाश, 4 अरेस्ट

प्रेम प्रसंग विवाद में युवक की हत्या का संदेह

चिल्कलगुड़ा पुलिस के अनुसार, प्रेमिका के घर वालों को यह प्रेम प्रसंग पसंद नहीं था। इस कारण संदेह जताया जा रहा है कि प्रेमिका के भाई परमेश, बहनोई साई ने चार अन्य लोगों के साथ मिलकर सोची-समझी साजिश के तहत बुधवार रात युवन पर चाकुओं से हमला कर उसकी हत्या कर दी। युवन के शरीर पर चाकू मारने के 17 निशान पाए गए। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, चिल्कलगुड़ा पुलिस ने युवन की हत्या के मामले में चार संदिग्धों को हिरासत में ले लिया और उनसे पूछताछ कर रही है।

इसके अलावा हत्या से पूर्व हत्यारों द्वारा सेलफोन पर आपस में की गई बातचीत का ऑडियो भी पुलिस ने प्राप्त कर लिया है। बताया जा रहा है कि बुधवार रात युवन घर पर टीवी देख रहा था और उसे फोन कर हत्यारों ने बाहर बुलाया। उसके बाहर आते ही मोटरसाइकिलों पर आए 6 हत्यारों ने उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में युवन की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद हत्यारे साई यादव ने घटनास्थल की सेल्फी फोटो लेकर इसे स्नैप चैट पर अपलोड किया।

सूत्रों के अनुसार, हत्या से कुछ दिन पूर्व ही युवती ने युवन को फोन कर उसके घर वालों द्वारा उसकी हत्या की साजिश रचने की जानकारी दी थी। युवती ने बताया था कि उसकी हत्या की साजिश उसके बहनोई द्वारा रची गई है और उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत करने के लिए उसे घर वालों ने टॉर्चर भी किया और शिकायत पर जबरन हस्ताक्षर करवाने के भी प्रयास किए। इन दोनों के बीच सेलफोन का ऑडियो वायरल हो गया। पुलिस प्राप्त शिकायत के आधार पर मामला दर्ज़ कर छानबीन कर रही है।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button