इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट ड्रॉ में भारत की वापसी

Ad

मैनचेस्टर, वाशिंगटन सुंदर और रविंद्र जडेजा अपनी नाबाद शतकीय पारियों के दौरान दो से अधिक सत्र तक बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट में रविवार को यहाँ पाँचवें दिन भारत को हार के कगार से वापसी कराकर ऐतिहासिक ड्रॉ हासिल करने में सफल रहे। पाँच मैचों की इस करीबी श्रृंखला में इंग्लैंड अब भी 2-1 से आगे है, लेकिन तीन दिन (31 जुलाई) के बाद से शुरू हो रहे पाँचवें टेस्ट में अब भारत के पास श्रृंखला को बराबर करने का मौका होगा।

पहली पारी में 311 रन से पिछड़ने के बाद भारत ने दूसरी पारी में बिना कोई रन बनाये दो विकेट गंवा दिए थे, लेकिन इसके बाद बल्लेबाजों ने मजबूत दृढ़ संकल्प दिखाया और अनुकूल परिणाम हासिल किया। मैच में भारत की वापसी का श्रेय कप्तान शुभमन गिल (238 गेंदों में 103 रन) और लोकेश राहुल (230 गेंदों में 90 रन) के बीच तीसरे विकेट के लिए हुई 188 रन की साझेदारी के साथ जडेजा (185 गेंदों में 107 रन नाबाद) और सुंदर (206 गेंदों में 101 रन नाबाद) के प्रयासों को जाता है।

जडेजा-सुंदर की शतकीय साझेदारी से मैच ड्रॉ

जडेजा और सुंदर ने पाँचवें विकेट के लिए 203 रन की अटूट साझेदारी कर इंग्लैंड को मैच में वापसी करने का कोई मौका नहीं दिया। दोनों ने शतक जड़ने के साथ इंग्लैंड के गेंदबाजों और क्षेत्ररक्षकों को थकाने में भी योगदान दिया। मैच के आखिरी घंटे का खेल शुरू होते समय इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स मैच खत्म करना चाहते थे, लेकिन सुंदर और जडेजा के शतक के करीब होने के कारण भारत ने खेल जारी रखने का फैसला किया। स्टोक्स भारत के इस फैसले से खुश नहीं थे। उन्होंने भारत के खेल जारी रखने के फैसले के प्रति असहमति के संकेत के रूप में हैरी ब्रूक से गेंदबाजी कराना शुरू किया।

ब्रूक ने जडेजा और सुंदर को आसानी से रन बनाने दिया। जडेजा और सुंदर के शतक पूरा होने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने हाथ मिलाए। सुंदर के कॅरियर का यह अपना पहला टेस्ट शतक है, जबकि जडेजा ने इस प्रारूप में अपना पाँचवाँ शतक पूरा किया। दिन के पहले सत्र में राहुल और गिल के पवेलियन लौटने के बाद जडेजा और सुंदर की धैर्य पूर्वक की गयी बल्लेबाजी ने यह 2021 के सिडनी टेस्ट में रविचंद्रन अश्विन और हनुमा विहारी की मैच बचाने वाली साझेदारी की यादें ताजा कर दी।

चोटिल पंत, फिर भी भारत ने ड्रॉ की ओर बढ़ाया मैच

भारतीय विकेटकीपर ऋषभ पंत पैर में फ्रैक्चर के बावजूद दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिए उपलब्ध थे, लेकिन उन्हें अपनी चोट को और बढ़ाने का जोखिम उठाने की जरूरत नहीं पड़ी। इंग्लैंड के लिए बैजबॉल युग (कोच ब्रैंडन मैकुलम के आने के बाद) यह 40 मैचों में सिर्फ दूसरा ड्रॉ टेस्ट मैच है। इससे पहले 2023 एशेज के दौरान ओल्ड ट्रैफर्ड में ही मैच ड्रॉ हुआ था, लेकिन उस समय ड्रॉ का मुख्य कारण खराब मौसम था।

दोनों टीमों के लिए एक लंबी और थकाऊ श्रृंखला में अपने तेज गेंदबाजों को फिट रखना मुश्किल हो रहा है, यह देखना दिलचस्प होगा कि 31 जुलाई से लंदन में शुरू होने वाले पाँचवें टेस्ट में कितने पहली पसंद के तेज गेंदबाज हिस्सा लेते हैं। भारत ने दिन के दूसरे सत्र में बिना कोई विकेट गंवाये 99 रन बनाकर मैच को ड्रॉ की ओर अग्रसर कर दिया था। इस समय टीम का स्कोर चार विकेट पर 322 रन था।

दिन की शुरुआती सत्र में अपने आठ ओवर के स्पैल में खतरनाक दिखे इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स दूसरे सत्र में तीन ओवर के स्पैल में प्रभावित नहीं कर सके। सुंदर ने स्टोक्स के ओवर में लगातार गेंदों पर छक्का और चौका लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया इसके तुरंत बाद जडेजा ने भी चौके के साथ छह पारियों में पाँचवाँ अर्धशतक पूरा करने के साथ इंग्लैंड के कप्तान के ओवर में 15 रन बटोरे।

यह भी पढ़ें… गिल-राहुल ने संभाला : भारत ने बनाई उम्मीदें

गिल का शतक और बाएं हाथ के बल्लेबाजों की मजबूती

पंत के चोटिल होने के कारण जडेजा और सुंदर के बाद भारतीय बल्लेबाजी में दमखम नहीं था ऐसे बायें हाथ के इन दोनों बल्लेबाजों ने जोखिम लिये बिना बल्लेबाजी की। इंग्लैंड के लिए मुश्किल यह रही कि बाएँ हाथ के स्पिनर लियाम डॉसन (47 ओवर में बिना किसी सफलता के 95 रन) भारतीय बाएँ हाथ के बल्लेबाजों को पर्याप्त चुनौती नहीं दे पाए। जोफ्रा आर्चर भी लंच के बाद कोई सफलता हासिल नहीं कर पाए।

इससे पहले सुबह के सत्र में शुभमन गिल ने एक साहसी शतक पूरा किया। इस दौरान स्टोक्स ने कंधे में दर्द के बावजूद गेंदबाजी करने का फैसला किया और राहुल को आउट कर गिल के साथ तीसरे विकेट के लिए 188 रन की साझेदारी को तोड़ा। राहुल के आउट होने के बाद गिल ने धैर्य से बल्लेबाजी की, लेकिन शतक पूरा करने के बाद लंच से पहले जोफ्रा आर्चर की गेंद पर बल्ला अड़ाकर विकेटकीपर जैमी स्मिथ को कैच दे बैठे।

भारत ने दिन की शुरुआत दो विकेट पर 174 रन से की। टीम इस समय इंग्लैंड की पहली पारी के रनों को बराबरी करने के लिए और 137 रन की जरूरत थी। बीते दिन के नाबाद बल्लेबाज गिल और राहुल ने उस अंदाज में बल्लेबाजी शुरू की जैसी उन्होंने मैच के चौथे दिन के आखिरी दो सत्र में की थी। गिल और राहुल ने उस समय मोर्चा संभाला था, जब टीम ने बिना किसी रन के दो विकेट गंवा दिए थे।

स्कोर बोर्ड

भारत पहली पारी : 358
इंग्लैंड पहली पारी : 669
भारत दूसरी पारी : यशस्वी जायसवाल का. रूट बो. वोक्स 0, लोकेश राहुल पगबाधा स्टोक्स 90, साई सुदर्शन का. ब्रूक बो. वोक्स 0, शुभमन गिल का. स्मिथ बो. आर्चर 103, वाशिंगटन सुदर्शन नाबाद 101, रविंद्र जडेजा नाबाद 107. अतिरिक्त : 24 रन। कुल : (143 ओवर में चार विकेट पर) 425 रन। विकेट पतन : 1-0, 2-0, 3-188, 4-222. गेंदबाजी : क्रिस वोक्स 23-4-67-2, जोफ्रा आर्चर 23-3-78-1, ब्रायडन कार्स 17-3-44-0, लियाम डॉसन 47-11-95-0, जो रूट 19-2-68-0, बेन स्टोक्स 11-2-33-1, हैरी ब्रूक 3-0-24-0. (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Ad

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button