छठ को यूनेस्को टैग दिलाने सहयोग माँगा भारत ने

नई दिल्ली, भारत ने छठ महापर्व को यूनेस्को की मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की प्रतिनिधि सूची में शामिल कराने के लिए 2026-27 चक्र में बहुराष्ट्रीय नामांकन भेजने के वास्ते सूरीनाम, नीदरलैंड और अन्य देशों से सहयोग माँगा है। संस्कृति मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि इस संबंध में सहयोग प्राप्त करने के लिए उसने यहाँ संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), सूरीनाम और नीदरलैंड के वरिष्ठ राजनयिक प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक आयोजित की।

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (आईजीएनसीए) में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय संस्कृति सचिव विवेक अग्रवाल ने की। इसमें संस्कृति मंत्रालय, विदेश मंत्रालय, संगीत नाटक अकादमी और आईजीएनसीए के अधिकारियों ने भाग लिया। मंत्रालय ने कहा कि सूर्य देव और छठी मैया को समर्पित यह प्राचीन पर्व भारत के सबसे पुराने त्यौहारों में से एक है, जिसे बिहार, झारखंड, उत्तर-प्रदेश तथा पश्चिम बंगाल में बड़े पैमाने पर मनाया जाता है।

यह भी पढ़ें… दिल्ली विधानसभा में ‘अपने प्रधानमंत्री को जानें’ प्रदर्शनी

छठ महापर्व: वैश्विक सहयोग और सांस्कृतिक मान्यता

इस त्यौहार को प्रवासी भारतीय मॉरीशस, फिजी, सूरीनाम, यूएई तथा नीदरलैंड में भी मनाते हैं। मंत्रालय के अनुसार, यूनेस्को की प्रतिनिधि सूची में पहले से ही 15 तत्वों को शामिल करके, भारत अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की सुरक्षा में अग्रणी देशों में से एक है। योग, कुंभ मेला और कोलकाता का दुर्गापूजा उत्सव इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल हैं। मंत्रालय ने कहा कि 2026-27 चक्र के लिए छठ महापर्व का बहुराष्ट्रीय नामांकन भारत की सांस्कृतिक कूटनीति और जीवंत परंपराओं की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता में एक और बड़ी उपलब्धि है।

मंत्रालय ने बताया कि बैठक में शामिल प्रतिनिधियों ने इस पहल का स्वागत किया, अपने देशों में प्रवासी भारतीय समुदायों के बीच इस पर्व के महत्व को स्वीकार किया और नामांकन के लिए सहयोग का आश्वासन दिया। बाद में, सचिव (संस्कृति) ने मॉरीशस, फिजी, सूरीनाम, संयुक्त अरब अमीरात और नीदरलैंड में भारतीय राजदूतों और उच्चायुक्तों के साथ डिजिटल रूप से परस्पर बातचीत भी की, जिन्होंने समुदायों की पहचान करने और नामांकन प्रक्रिया के लिए डेटा उपलब्ध कराने में पूर्ण सहयोग व्यक्त किया। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button