बोटानिकल गार्डन में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय तेंदुआ दिवस

हैदराबाद, दक्कन वुड्स एंड ट्रेल्स तथा तेलंगाना वन विकास निगम द्वारा संयुक्त रूप से कोंडापुर स्थित बोटानिकल गार्डन में अंतरराष्ट्रीय तेंदुआ दिवस पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। वन्य जीवों के लिए स्थानों की सुरक्षा विषय पर उद्यान में आने वाले वॉकर, आगंतुकों और बच्चों के बीच तेंदुओं के महत्व, उनके संरक्षण तथा तेजी से बदलते पर्यावरण में मानव और वन्यजीवों के सह-अस्तित्व की आवश्यकता पर विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किये गये।

बॉटनिकल गार्डन को एक प्राकृतिक शैली की कक्षा में परिवर्तित किया गया, जहाँ प्रकृति मामलों के प्रमुख एम. अखिल और अन्य अधिकारियों ने भारतीय तेंदुए पर रोचक सत्र आयोजित किया। इसमें बताया गया कि तेंदुए अपने ऐतिहासिक क्षेत्र का लगभग 75 प्रतिशत खो देने और चिंताजनक स्थिति में होने के बावजूद असाधारण अनुकूलन क्षमता, चुपके से चलने की शैली और अवसरवादी स्वभाव के कारण मानव बस्तियों के पास जीवित रहते हैं। प्रतिभागियों ने तेंदुए की विशेष खूबियों जैसे उसकी ताकत, फुर्ती और विशिष्ट रोसेट पैटर्न के बारे में जानकारी प्राप्त की।

यह भी पढ़ें… वादे पूरे नहीं किए तो पत्थरों से पीटें : कविता

शिकार प्रजातियों पर नियंत्रण से जैव विविधता संरक्षण

कार्यक्रम में तेंदुओं के पारिस्थितिक महत्व पर जोर दिया गया, जो शीर्ष शिकारी, अम्ब्रेला प्रजाति और कीस्टोन प्रजाति के रूप में पारिस्थितिकी तंत्र के संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। चर्चा में बताया गया कि तेंदुए शिकार प्रजातियों की संख्या को नियंत्रित करते हैं और जैव विविधता को बनाए रखने में मदद करते हैं, जबकि मानव-तेंदुआ संघर्ष मुख्य रूप से आवास के नुकसान और अव्यवस्थित कचरे के कारण उत्पन्न होता है।

हरित गलियारों की सुरक्षा और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने जैसे सरल उपाय संघर्ष को कम करने और सह-अस्तित्व सुनिश्चित करने के प्रभावी कदम बताए गए। वन विभाग में ईको-टूरिज्म के कार्यकारी निदेशक एल. रणजीत नायक ने कहा कि तेंदुए तेजी से बदलती दुनिया में लचीलापन और अनुकूलनशीलता का प्रतीक हैं। संरक्षण की शुरुआत जागरूकता से होती है और तेंदुओं की रक्षा करना जंगलों, पारिस्थितिकी तंत्र और आने वाली पीढ़ियों की सुरक्षा करने का एक भाग है। कार्यक्रम में वन विभाग एवं पर्यटन विभाग के अधिकारी के. शिरीषा, एन. राजेंद्र कुमार, वी. लक्ष्मा रेड्डी, एस. श्रीनिवास, के. श्रीनिवास रेड्डी, के. सुमन, सैमसन राजू, दिनेश, रोहित एवं अन्य उपस्थित थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button