राजनीतिक क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ना आवश्यक : प्रो. ऐनुल हसन
हैदराबाद, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में मौलाना आजाद राष्ट्रीय उर्दू विश्वविद्यालय के अंग्रेजी विभाग द्वारा आज भारत में महिला लेखन विषयक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। साहित्य अकादमी, नई दिल्ली के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं के लेखन की परिवर्तनकारी शक्ति से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला गया।
मौलाना आजाद राष्ट्रीय उर्दू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सैयद ऐनुल हसन ने भारत में महिला लेखन : समकालीन परिप्रेक्ष्य और नया सौंदर्यशास्त्र विषयक संगोष्ठी में अध्यक्षीय भाषण दिया। अवसर पर उन्होंने कहा कि महिलाओं की सामाजिक-सांस्कृतिक के साथ-साथ राजनीतिक क्षेत्रों में सक्रिय भागीदारी उनके जीवन में सार्थक परिवर्तन लाने के लिए अति आवश्यक है। इसलिए राजनीतिक क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। राजनीतिक क्षेत्रों में उनकी सक्रियता से राजनीतिक प्रणाली भी अधिक जवाबदेह बनेगी।
यह भी पढ़ें… गोदावरी पुष्कर की तैयारियों को लेकर मंत्रिमंडल उप-समिति ने दिए निर्देश
इश्तियाक अहमद ने राष्ट्रीय स्तर पर साहित्यिक कार्यक्रमों की सराहना की
लेखिका तथा शोधकर्ता डॉ. गोगु श्यामला ने महिलाओं के लेखन की परिवर्तनकारी शक्ति पर अपने विचार साझा किए। मानू अंजुमन-ए-खवातीन अध्यक्ष अर्शिया हसन ने महिलाओं की रचनात्मक आवाज़ों को मान्यता देने के महत्व पर बल दिया। साथ ही लिंग प्रतिनिधित्व और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति पर चर्चा को प्रोत्साहित करने वाले शैक्षणिक स्थानों के महत्व पर विचार रखे। मानू के रजिस्ट्रार प्रो. इश्तियाक अहमद ने अपने संबोधन में महिलाओं के साहित्यिक योगदान पर केंद्रित राष्ट्रीय स्तर के शैक्षणिक कार्यक्रम के आयोजन में विभाग के प्रयासों की सराहना की।
अंग्रेजी विभाग के निदेशक और विभागाध्यक्ष प्रो. नागेंद्र कोट्टाचेरुवु ने स्वागत भाषण देते हुए समकालीन साहित्यिक विमर्श में महिलाओं के लेखन के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डाला। संयोजक और एसोसिएट प्रो. डॉ. गीता ने संगोष्ठी के उद्देश्यों और विषयगत चिंताओं को रेखांकित करते हुए विविध भाषाई, क्षेत्रीय तथा सामाजिक संदर्भों से उभरने वाली महिलाओं की कहानियों की जाँच के महत्व पर बल दिया। समापन डॉ. अकरम खान के धन्यवाद ज्ञापन से हुआ।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



