जयशंकर ने त्रिनिदाद-टोबैगो के ‘डबल्स’ स्ट्रीट फूड का लिया स्वाद

पोर्ट ऑफ स्पेन, विदेश मंत्री एस जयशंकर ने त्रिनिदाद और टोबैगो की यात्रा के दौरान यहां के लोकप्रिय स्ट्रीट फूड ‘डबल्स’ का स्वाद चखा। इस पर कैरेबियाई देश की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद-बिसेसर ने कहा कि यह दोनों देशों के बीच बढ़ते सांस्कृतिक संबंधों का उदाहरण है।

‘डबल्स’ त्रिनिदाद और टोबैगो का एक बेहद लोकप्रिय स्ट्रीट फूड है, जिसकी जड़ें भारतीय प्रवासी समुदाय से जुड़ी हैं। इसमें मसालेदार छोले को दो तली हुई पतली रोटियों के बीच परोसा जाता है। स्वादिष्ट और छोले होने के कारण इसकी तुलना अक्सर भारत के छोले-भटूरे से की जाती है।

प्रधानमंत्री कमला प्रसाद-बिसेसर ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि जयशंकर ने देश में अपने कार्यक्रमों के दौरान त्रिनिदाद और टोबैगो के सबसे पसंदीदा स्थानीय व्यंजनों में से एक ‘डबल्स’ का ‘‘असली स्वाद’’ लिया। उन्होंने कहा, ‘‘कूटनीति और चर्चाओं से आगे बढ़कर यह त्रिनिदाद और टोबैगो के लोगों की गर्मजोशी, स्वाद और भावना को साझा करने का अवसर था। भारत से लेकर त्रिनिदाद तक हमारी मित्रता, संस्कृति और साझा विरासत के जरिए रिश्ते लगातार मजबूत हो रहे हैं।’’

करीब 1.43 लाख गिरमिटिया मजदूर त्रिनिदाद पहुंचे

त्रिनिदाद और टोबैगो में भारतीय मूल की बड़ी आबादी रहती है, जो औपनिवेशिक काल में भारत से वहां पहुंचे गिरमिटिया श्रमिकों की वंशज है। यहां स्थित भारतीय उच्चायोग की वेबसाइट के अनुसार, 1845 से 1917 के बीच भारतीय उपमहाद्वीप से करीब 1.43 लाख गिरमिटिया मजदूर त्रिनिदाद पहुंचे थे। इनमें से अधिकतर प्रवासी उत्तर भारत और बिहार से आए थे।

वेबसाइट के अनुसार, उन मजदूरों की पांचवीं और छठी पीढ़ी के वंशज अब देश की लगभग 13.6 लाख आबादी (2024 के अनुसार) का करीब 40-45 प्रतिशत हिस्सा हैं और वे देश की आर्थिक, राजनीतिक तथा सामाजिक संरचना का अहम अंग बन चुके हैं।

जयशंकर शुक्रवार को परामारिबो से पोर्ट ऑफ स्पेन पहुंचे। यह उनकी जमैका, सूरीनाम तथा त्रिनिदाद और टोबैगो की तीन देशों की यात्रा का अंतिम चरण है। इस यात्रा का उद्देश्य कैरेबियाई देशों के साथ भारत की सहभागिता को और मजबूत करना है। (भाषा)

यह भी पढ़ेट्रंप ने होर्मुज में छोटी नावों को नष्ट करने का आदेश दिया

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button