छेड़छाड़ व प्रताड़ना के खिलाफ खुलकर करें शिकायत : सुमति
हैदराबाद, मल्काजगिरी पुलिस आयुक्त बी. सुमति ने महिला और युवतियों से छेड़छाड़, प्रताड़ना और लैंगिक प्रताड़ना के खिलाफ बेझिझक होकर और खुलकर पुलिस में शिकायत करने की अपील की।
यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति में सुमति ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा ही पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी और प्राथमिकता है। गौरतलब है कि गत बुधवार की देर रात सुमति ने सादी वर्दी में दिलसुखनगर बस स्टैण्ड से चैतन्यपुरी तक लगभग तीन घंटे बिना किसी सुरक्षा के दौरा कर महिलाओं की सुरक्षा का जायजा लिया था। सुमति ने शी टीम्स के 15 दिन के कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान बताया गया कि 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक शी टीम्स ने 66 आरोपियों को हिरासत में लिया, जिनमें 5 नाबालिग शामिल हैं।
शी टीम्स को पिछले 15 दिन के दौरान फोन के जरिए प्रताड़ित करने की 25 शिकायतें, सोशल मीडिया के जरिए प्रताड़ित करने की 29 शिकायतें और सीधे तौर पर प्रताड़ना और छेड़छाड़ संबंधी 32 शिकायतें प्राप्त हुई। इन शिकायतों के संबंध में 10 आपराधिक मामले दर्ज किए गए, जबकि 23 मामलों को पिटी केस के तहत निपटाया गया, वहीं 41 मामले परामर्श के जरिए सुलझाए गए।
सुमति ने बताया कि शी टीम्स के पुलिस अधिकारी सादी वर्दी में रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, शैक्षणिक संस्थान, सब्जी बाजार, शॉपिंग मॉल आदि सार्वजनिक क्षेत्रों में तैनात रहते हुए राह चलती युवतियों और महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने वाले मनचलों पर नकेल कस रहे हैं। उन्होंने बताया कि मेट्रो ट्रेन में महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने वालों को डीके ऑपरेशन के जरिए हिरासत में लिया गया। इस प्रकार के मामलों में तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ मामले दर्ज कर चालान वसूला गया।
यह भी पढ़ें… हैदराबाद : 204 राउडी शीटरों का कराया गया ड्रग्स परीक्षण, 7 पॉजिटिव
साइबराबाद की शी टीम्स ने 32 मनचलों को हिरासत में लिया
साइबराबाद की शी टीम्स ने 2 से 7 मई के दौरान डीके ऑपरेशन के जरिए राह चलती महिलाओं और युवतियों के साथ छेड़छाड़ करने वाले 32 आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा।
यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति में साइबराबाद की पुलिस उपायुक्त के. सृजना ने बताया कि पिछले सप्ताह शी टीम्स के 17 शिकायतें प्राप्त हुई। शिकायतों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए। वहीं 42 मामलों को पिटी केस के तहत और परामर्श के जरिए निपटाया गया। उन्होंने बताया कि साइबराबाद की एंटी ह्यूमैन ट्रैफिकिंग यूनिट ने छापेमारी कर तीन महिलाओं को वेश्यावृत्ति के दलदल से बचाते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पीटा अधिनियम के तहत तीन मामले दर्ज किए गए। इसके अलावा जेजे ऐक्ट के तहत दो मामले दर्ज कर 4 बाल मजदूरों को मुक्त करवाते हुए चार आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए। उन्होंने बताया कि घरेलू मामलों को लेकर अलग होने वाले 33 परिवारों को परामर्श के जरिए एकजुट किया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



