जल बोर्ड ने बरसात को लेकर ट्रांसमिशन अधिकारियों के साथ की समीक्षा
हैदराबाद, हैदराबाद महानगरीय पेयजलापूर्ति एवं मलजल निकास बोर्ड द्वारा बरसात को लेकर ट्रांसमिशन अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में एमडी अशोक रेड्डी ने बरसात के मौसम में होने वाली मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए स्लम क्षेत्रों में क्लोरीन की गोलियां तथा आवश्यक क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर वितरित करने की व्यवस्था करने के निर्देश दिये।
सोमवार को यहां खैरताबाद स्थित जलबोर्ड मुख्यालय में जल बोर्ड के एमडी अशोक रेड्डी, कार्यकारी निदेशक मयंक मित्तल और संचालन एवं रखरखाव, ट्रांसमिशन एवं गुणवत्ता नियंत्रण विभाग के अधिकारियों के साथ कृष्णा, गोदावरी, मंजीरा और शहर को पेयजल आपूर्ति करने वाली अन्य पेयजल परियोजनाओं पर समीक्षा बैठक की।
अवसर पर एमडी अशोक रेड्डी ने संचालन एवं रखरखाव और ट्रांसमिशन अधिकारियों को पेयजल को प्रदूषित न करने के प्रति सावधान रहने की सलाह देते हुए कहा कि बरसात के मौसम में बीमारियों के फैलने की संभावना रहती है। इसलिए जल बोर्ड को पेयजल की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देना चाहिए क्योंकि बारिश के कारण पेयजल में गंदापन बढ़ने की संभावना है। उन्होंने अधिकारियों के साथ ट्रांसमिशन, ट्रीटमेंट प्लांट, जल गुणवत्ता और क्लोरीनीकरण के बारे में भी विस्तार से चर्चा की।
बरसात में पेयजल गुणवत्ता व एहतियाती उपाय हों सख्त
एमडी ने गुणवत्ता नियंत्रण विभाग को सभी खंडों में ताजे पानी के नमूने एकत्र करने और समय-समय पर परीक्षण करने के भी आदेश दिए। उन्होंने कहा कि आपूर्ति से पहले दोगुनी संख्या में नमूने एकत्र किए जाने चाहिए और उनकी जांच होनी चाहिए।
उन्होंने प्रबंध निदेशक से दूषित पेयजल को स्लम क्षेत्रों में जाने से रोकने के लिए उठाये जा रहे एहतियाती उपाय के बारे में पूछा। साथ ही कहा कि यदि दूषित जल आ रहा है तो उनका समाधान कैसे किया जाएगा।
अशोक रेड्डी ने सुझाव दिया कि सभी विभागों के अधिकारी सामूहिक रूप से पेयजल की गुणवत्ता पर ध्यान दें। साथ ही, प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों को बरसात के मौसम में होने वाली मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए स्लम क्षेत्रों में क्लोरीन की गोलियां वितरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यक क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर वितरित करने की व्यवस्था की जाए।
अशोक रेड्डी ने कहा कि पंप हाउसों की मोटरों द्वारा पंप की गई मात्रा, पंपों की मरम्मत और रखरखाव का पूरा रिकॉर्ड रखने संबंधी लॉग बुक रखी जाए। उन्होंने आदेश दिया कि प्रत्येक पंप हाउस में स्टैंडबाय मोटर लगाने के लिए प्रस्ताव तैयार किए जाएं। समीक्षा बैठक में जलबोर्ड के तकनीकी निदेशक सुदर्शन, ट्रांसमिशन के मुख्य महाप्रबंधक बृजेश, महाप्रबंधक, उप महाप्रबंधक और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





