जीजाबाई जयंती उत्सव-हल्दी कुमकुम कार्यक्रम : महिलाओं की शक्ति, संस्कृति की झलक
हैदराबाद, विवेक वर्धिनी एजुकेशन सोसाइटी व विमल नाट्य समाज सचिव गोविंद जागीरदार ने तेलंगाना में मराठी भाषियों द्वारा मराठी संस्कृति के साथ ही तेलंगाना की संस्कृति को प्रोत्साहन देने में महती भूमिका निभाने को लेकर मुक्त कंठ से सराहना की और कहा कि सोसाइटी की ओर से मराठी भाषियों को शिक्षा में हर प्रकार का सहयोग किया जाएगा।
तेलंगाना मराठा भगिनी मंडल के तत्वावधान में भव्य रूप से मनाए गए जीजाबाई जयंती उत्सव-हल्दी कुमकुम कार्यक्रम को जामबाग स्थित विवेक वर्धिनी फंक्शन हॉल में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए गोविंद जागीरदार ने मंडल की कार्यशैली की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विवेक वर्धिनी शिक्षण संस्था हमेशा से समय के साथ चलती रही है। अब विवेक वर्धिनी स्कूल को क्रिएटिव माइंड्स स्कूल के रूप में नया लुक दिया जा रहा है जिससे शिक्षा के क्षेत्र में समाज को फिर से आधुनिक बनाने में सहयोग प्राप्त होगा। उन्होंने मराठा मंडल, भगिनी मंडल व नवयुवक मंडल द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की।
बालिकाओं में आत्मविश्वास व आधुनिक शिक्षा पर दिया गया जोर
विशेष अतिथियों के तौर पर उपस्थित टीजीएसपीडीसीएल असिस्टेंट अकाउन्ट्स आफिसर नंदा प्रमोद जाधव व बेगम बाजार स्थित साउथ वेस्ट वूमेन पुलिस स्टेशन इन्सपेक्टर सुनीता सूर्वे ने समाज के प्रतिभावान छात्रों को सराहा और महिलाओं को आधुनिक शिक्षा के साथ ही विशेषकर बालिकाओं में आत्मविश्वास पैदा करके उन्हें आत्मसुरक्षा के प्रति जागरूक करने की सलाह दी। उन्होंने हल्दी कुमकुम कार्यक्रम के तहत भारी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति पर कहा कि समाज में अपनी संस्कृति व परंपरा को लेकर उत्साह जिस प्रकार दिखाई दे रहा है वह भावी पीढी के लिए लाभदायक सिद्ध होगा।
तेलंगाना मराठा मंडल, श्री छत्रपति शिवाजी मराठा नवयुवक मंडल, तेलंगाना वारकरी भजन मंडल व तेलंगाना गोल्ड एंड रिफायनरी असोसिएशन के सहयोग से आयोजित जीजाबाई जयंती उत्सव में समाज के प्रतिभावान छात्रों व छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में भगिनी मंडल अध्यक्ष अरुणा शिंदे, सचिव ज्योति शिंदे, कोषाध्यक्ष संध्या डोंगरे, छत्रपति शिवाजी मराठा नवयुवक मंडल अध्यक्ष मदन जाधव, तेलंगाना मराठा मंडल महासचिव दिलीप जगताप, अध्यक्ष प्रकाश पाटिल, पवन शिंदे, विनोद शिंदे आदि उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें… टीजीएमआरईआईएस शिक्षण संस्थानों का लाभ उठाएँ छात्र : पोन्नम प्रभाकर
कार्यक्रम में मंडल की हैदराबाद व रंगारेड्डी कमेटियों का गठन किया गया जिन्हें आज नियुक्ति पत्र भी सौंपे गए। कार्यक्रम के दौरान मराठी संस्कृति पर सांस्कृतिक कार्यक्रम में छात्राओं ने अपनी अद्भुत कला का प्रदर्शन भी किया। वहीं तेलंगाना मराठा मंडल शाहअलीबंडा शाखा अध्यक्ष के रूप में मनोनीत रमेश भोंसले को प्रमाण पत्र सौंपा गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



