युद्ध स्तर पर पूरे हों जंक्शन विकास कार्य : महापौर

हैदराबाद, जीएचएमसी महापौर गद्वाल विजयलक्ष्मी ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जंक्शन विकास कार्यों को युद्ध स्तर पर पूर्ण किया जाए।

सोमवार को महापौर ने शेरीलिंगमपल्ली जोन के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यक्रमों का निरीक्षण किया। महापौर ने उन 11 परिवारों से बातचीत की, जिन्होंने जंक्शन के विकास में अपनी संपत्ति खोई है। इसके बाद उन्होंने जोनल कमिश्नर को रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश दिया। साथ ही कहा कि यदि आवश्यक हुआ तो स्थायी समिति में चर्चा करने के बाद कार्रवाई भी की जाएगी। इस संदर्भ में उन्होंने जोनल आयुक्त को ब्रह्मशंकर नगर में खुला जिम और बहुउद्देश्यीय समारोह कक्ष के निर्माण कार्य का निरीक्षण करने और इसे निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिये।

नगर में जारी कार्यक्रमों की समीक्षा के क्रम में महापौर ने सोमवार को तीन आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया और बच्चों को दी जा रही पोषण सेवाओं, भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और उपस्थिति की गहन जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान स्थानीय झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों के निवासियों ने महापौर से मुलाकात कर क्षेत्र में बच्चों की अधिक संख्या को देखते हुए एक और आंगनवाड़ी केंद्र स्थापित करने की माँग की। इस पर महापौर ने त्वरित संज्ञान लेते हुए जोनल आयुक्त को उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अधिकारियों से कहा गया कि बच्चों के पोषण और प्रारंभिक शिक्षा की दिशा में किसी भी प्रकार की कमी न हो और ऐसे क्षेत्रों में जहां केंद्रों की आवश्यकता है, वहाँ प्राथमिकता के आधार पर नए केंद्रों की स्थापना की जाए।

यह भी पढ़ें… अस्पतालों की रसोइयों पर जीएचएमसी के छापे

स्वच्छता ऑटो रिक्शा चालकों से किया संवाद

महापौर ने यूसुफगुड़ा ट्रांसफर स्टेशन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वच्छता ऑटो रिक्शा चालकों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और जमीनी स्तर पर आने वाली चुनौतियों की जानकारी ली।चालकों ने उन्हें कचरा संग्रहण के दौरान आने वाली परेशानियों, संसाधनों की कमी और क्षेत्रीय आवंटन से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराया। महापौर ने आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो स्वच्छ ऑटो चालक नियमित रूप से घरों से कचरा नहीं उठा रहे हैं, उनके स्थान पर अन्य पात्र व बेरोजगार युवकों को स्टेशन आवंटित किया जाएगा। इस प्रक्रिया से एक ओर जहां कर्तव्यहीनता पर अंकुश लगेगा, वहीं दूसरी ओर बेरोजगार युवाओं को रोजगार का अवसर भी मिलेगा।

इसके अलावा जोनल आयुक्त और कचरा प्रबंधन कंपनी रामकी के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे ट्रांसफर स्टेशन की कार्य क्षमता में वृद्धि करें तथा स्वच्छ एवं प्रशिक्षित ऑटो चालकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक कार्यवाही करें। नागरिक प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता एवं विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के लिए मेयर ने रहमत नगर, ब्रह्मशंकर नगर तथा यूसुफगुड़ा क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में जारी विभिन्न कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अवसर पर पार्षद सी.एन. रेड्डी, जोनल कमिश्नर हेमंत सहदेव राव, सीईओ सहदेव रत्नाकर, एसी सेनिटेशन रघु प्रसाद एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button