कविता ने केसीआर व केटीआर को हरीश राव व संतोष के प्रति किया आगाह
हैदराबाद, भारास में पार्टी गतिविधियों के विरुद्ध रवैया अपनाने के आरोप में निलंबित तेलंगाना जागृति की संस्थापक व विधान परिषद सदस्य के. कविता ने पूर्व मंत्री टी. हरीश राव व पूर्व सांसद जोगिनापल्ली संतोष राव पर आग उगलते हुए कहा कि उनके (केसीआर के) परिवार को तोड़ने का षड्यंत्र शुरू हो चुका है। इसी के तहत केसीआर पर दबाव बनाकर उन्हें पार्टी से बाहर किया गया है। कल को यही खतरा रामन्ना (रामाराव), फिर उसके बाद केसीआर को भी निगलेगा।
कविता ने बंजारा हिल्स स्थित आवास पर आज मीडिया को संबोधित करते हुए केसीआर व केटीआर से आग्रह किया कि हरीश राव व संतोष राव को दूर रखें, क्योंकि इनके भ्रष्टाचार व धन की प्यास के कारण केसीआर का नाम बदनाम हुआ है। उन्होंने केसीआर को भी आगाह करते हुए कहा कि उनके इर्द गिर्द क्या हो रहा है, पहचानें। अच्छा दिखने का अभिनय करने वालों पर भरोसा न करें।
कविता का आरोप, बीआरएस में रचा षड्यंत्र
कविता ने कहा कि बीआरएस को हथियाने के उद्देश्य से पहले उन्हें (कविता को) षड्यंत्र रचकर बाहर किया गया। उन्होंने कभी भी पार्टी के खिलाफ कोई काम नहीं किया, बल्कि वहाँ हो रहे षड्यंत्रों के प्रति हाईकमान को आगाह करती रहीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह किसी राजनीतिक पार्टी में शामिल नहीं होंगीं। भविष्य में क्या करना है, यह जागृति कार्यकर्ताओं, बीसी मेधावियों, महिलाओं आदि के साथ चर्चा के बाद तय करेंगीं। फिलहाल दो दिन ब्रेक ले रही हैं।

कविता ने कहा कि केसीआर उनके पिता और केटीआर भाई हैं, हमारा खून का रिश्ता है, सस्पेंड करने से यह बंधन नहीं टूटेगा। उन्होंने कहा कि कालेश्वरम को लेकर केसीआर पर सीबीआई जाँच का कारण केवल पूर्व मंत्री टी. हरीश राव व पूर्व सांसद जोगिनापल्ली संतोष राव द्वारा किया गया भ्रष्टाचार है। उन्होंने कहा कि हरीश राव को बीआरएस में ट्रबल शूटर कहा जाता है, लेकिन ऐसा हरगिज नहीं है। हरीश राव बबल शूटर हैं।
हरीश राव पर मिलीभगत और भ्रष्टाचार के आरोप
पहले पार्टी में ट्रबल क्रिएट करते हैं, फिर शूट करने का स्वांग रचकर ट्रबल शूटर का श्रेय लेते हैं। हुजूराबाद उप चुनाव में पार्टी की हार व ईटेला राजेंदर को जिताने में हरीश राव का हाथ था। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व सांसद जोगिनीपल्ली संतोष राव की धन की प्यास के कारण ही केटीआर के सिरसिल्ला निर्वाचन क्षेत्र के नेरेल्ला में रेत की लारी की टक्कर से दलित की मौत हुई थी।
तब आंदोलन कर रहे 7 दलितों को थर्ड डिग्री देकर प्रताड़ित करने पर संतोष राव ने सीएमओ के जरिए पुलिस पर दवाब बनाया, लेकिन उसमें बदनामी केटीआर की हुई। उन्होंने संतोष राव के क्लासमेंट एमएलसी पोचमपल्ली श्रीनिवास रेड्डी का नाम लेते हुए कहा कि मोकिल्ला में मेगा कंपनी के साथ मिलकर 750 करोड़ रुपये के खर्च से विल्ला प्रॉजेक्ट पचमपल्ली श्रीनिवास रेड्डी बना रहे हैं, इतना पैसा पोचम्पली के पास आया कहाँ से, यह सारा पैसा भ्रष्टाचार का धन है।
कविता ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के समक्ष टी. हरीश राव ने सरेंडर कर दिया है। दोनों के बीच अंडरस्टैंडिंग हो चुकी है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के साथ हरीश राव ने एक ही फ्लाइट में यात्रा की थी और परिवार को तोड़ने का षड्यंत्र वहीं से प्रारंभ हुआ। उन्होंने कहा कि विधानसभा में मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कालेश्वरम परियोजना को लेकर केवल केसीआर को टार्गेट किया, हरीश राव पर कुछ नहीं बोले।
हरीश राव पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के पीआरओ अयोध्या रेड्डी ने ट्विट करके लिखा था कि हरीश राव दूध के व्यापार में भ्रष्टाचार किया है। वह खबर अखबार में एक दो दिन रही, फिर गायब हो गई। जब बीआरएस सत्ता में थी, तब एससी, एसटी, बीसी हॉस्टलों में हरीश राव दूध सप्लाई करते थे। वही ट्वीट अयोध्या रेड्डी ने किया था, परंतु कोई कार्रवाई हरीश राव पर नहीं की गई। उन्होंने कहा कि केटीआर को जाँच के नाम पर दो-तीन बार बुलाया गया, परंतु हरीश राव को क्यों नहीं बुलाया गया।

कालेश्वरम लिफ्ट सिंचाई परियोजना पर नीतिगत निर्णय मुख्यमंत्री केसीआर ने लिया था और निधियाँ देने की बात कही थी, परंतु उस पर अमल करने का काम संबंधित मंत्री का होता है। वर्ष 2014 से 2018 तक सिंचाई मंत्री हरीश राव ही थे। तुम्मीडीहड्डी से मेडीगड्डा के लिए निर्माण स्थल बदलने के समय हरीश राव ही मंत्री थे, तब टेक्निकल इश्यू हरीश राव ही देख रहे थे।
परंतु विधानसभा में रेवंत रेड्डी ने हरीश राव के बारे में न बोलकर केसीआर परिवार पर 1 लाख करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार करने का आरोप लगया, जबकि परियोजना पर खर्च ही 1 लाख करोड़ रुपये नहीं हुआ है। बीआरएस कार्यकर्ताओं द्वारा उनके (कविता के) पुतले जलाए जाने की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कविता ने कहा कि मुझे निलंबित किए जाने के बाद पुतले दहन करने का उत्साह दिखाने वालों का उत्साह उस समय कहाँ गया था, जब केसीआर पर आरोप मढ़कर कालेश्वरम का केस सीबीआई को सौंपा गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



