भाजपा को लेकर केसीआर और रेवंत भयभीत : रामचंदर राव
हैदराबाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने कहा कि मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी व पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव में भाजपा का डर साफ देखा जा सकता है।
यहां चुनिन्दा पत्रकारों से बातचीत करते हुए रामचंदर राव ने कहा कि जग्तियाल की सभा में बीआरएस पार्टी प्रमुख के. चंद्रशेखर राव और जयशंकर भूपालापल्ली की सभा में मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के बयान इस बात का संकेत हैं कि वे भाजपा को निशाना बनाकर अपनी राजनीतिक चिंता जाहिर कर रहे हैं। एक नेता फिर से सत्ता में आने की बात कर रहा है, तो दूसरा वर्तमान हालात बदलने की बात कर रहा है, लेकिन दोनों का फोकस भाजपा पर है।
रामचंदर राव ने केसीआर पर मोटरों में मीटर लगाने के मुद्दे पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया और उनके शासनकाल में बढ़े भारी कर्ज पर खुली बहस की चुनौती दी। उन्होंने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को भी उनके आंकड़ों और दावों पर सार्वजनिक चर्चा के लिए आमंत्रित किया।
यह भी पढ़ें… सत्ता में आते ही हैद्रा को करेंगे रद्द : केसीआर
कालेश्वरम परियोजना को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि मेडिगड्डा, सुंदिल्ला और अन्नाराम बैराजों में खामियों पर पहले ही सवाल उठाए गए थे और जांच की मांग की गई थी, लेकिन अब तक पूरी जांच नहीं कराई गई। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों दल एक-दूसरे की आलोचना का दिखावा करते हैं, जबकि अंदरूनी भ्रष्टाचार के मामलों में एक-दूसरे को बचा रहे हैं। जनता अब इन पार्टियों की सच्चाई समझ चुकी है और राज्य में बदलाव चाहती है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






