कोंडा सुरेखा ने जू पार्क में किया नई सुविधाओं का उद्घाटन
हैदराबाद, वन मंत्री तथा राज्य वन्य जीव बोर्ड की अध्यक्ष कोंडा सुरेखा ने नेहरू जूलॉजिकल पार्क का दौरा कर पर्यटकों और वन्यजीवों के लिए विभिन्न सुविधाओं का उद्घाटन किया।
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कोंडा सुरेखा ने मुख्य प्रवेश द्वार पर नवनिर्मित विहार फूड कोर्ट का उद्घाटन किया। दो सौ से अधिक लोगों की क्षमता वाले इस आधुनिक फूड कोर्ट का संचालन मृगवानी समूह द्वारा किया जाएगा। डिजिटल इंडिया और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मंत्री ने साउथ इंडियन बैंक द्वारा सीएसआर के तहत प्रदान सेल्फ-टिकटिंग वेंडिंग कियोस्क और लगेज स्कैनिंग मशीन का शुभारंभ किया।
कोंडा सुरेखा ने पर्यटकों को टिकटों के लिए लंबी कतारों से राहत देने हेतु कोटक बैंक के सौजन्य से व्हाट्सऐप बुकिंग सेवा की शुरुआत की। चिड़ियाघर के कर्मचारियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उन्होंने केयर हॉस्पिटल्स (नामपल्ली) के सहयोग से दो दिवसीय निशुल्क चिकित्सा शिविर का भी उद्घाटन किया। उन्होंने वन्यजीवों के रहन-सहन को प्राकृतिक स्वरूप देने के लिए ने प्राइमेट्स, तीतर और सारस क्रेन के लिए विशेष रूप से निर्मित डोम शेप्ड बाड़ों का लोकार्पण किया।
यह भी पढ़ें… इंदिरम्मा घरों को प्राथमिकता दें जिलाधीश : पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी
वन्यजीवों के लिए नए प्राकृतिक बाड़ों का निर्माण
इन विशाल बाड़ों को पौधों, रस्सियों और प्राकृतिक आवास जैसी सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है, ताकि जानवर सक्रिय रह सकें। उन्होंने वन्यजीवों के एक जोड़े को नए बाड़े में छोड़ा। कोंडा सुरेखा की अध्यक्षता में वन्यजीव बोर्ड की आयोजित की गई, जिसमें नेहरू जूलॉजिकल पार्क के विकास और वन्यजीव संरक्षण पर विस्तार से चर्चा की गयी। अवसर पर वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में मंत्री ने चिड़ियाघर में जन्मे चार नन्हे शावकों का नामकरण किया। उन्होंने दो अफ्रीकी शेरनी के शावकों का नाम अवनी और इरा, जबकि रॉयल बंगाल टाइगर के नर शावक का नाम ईशान और मादा शावक का नाम वाण्या निर्धारित किया।
मंत्री ने चिड़ियाघर में पिछले एक वर्ष में हुए आधुनिक बदलावों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की। बैठक में तेलंगाना सरकार के प्रमुख सचिव अहमद नदीम, पीसीसीएफ डॉ. सी. सुवर्णा, मुख्य वन्यजीव वार्डन विनय कुमार, चिड़ियाघर के निदेशक डॉ. सुनील एस. हिरेमथ, वन विभाग के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



