केटीआर ने किया कालेश्वरम मामले में हाईकोर्ट के निर्णय का स्वागत

Ad

हैदराबाद, भारत राष्ट्र समिति (भारास) कार्यकारी अध्यक्ष व पूर्व मंत्री के. तारकरामाराव ने कालेश्वरम लिफ्ट सिंचाई परियोजना पर गठित पी.सी. घोष कमीशन की रिपोर्ट पर दिए गए निर्णय का स्वागत किया और कहा कि हाईकोर्ट का निर्णय झूठा प्रपोगंडा करने वाले राजनीतिक गिद्धों के गाल पर करारा तमाचा है।

भारास मुख्यालय तेलंगाना भवन में मीडिया को संबोधित करते हुए केटीआर ने चुटकी लेते हुए कहा कि जब पी.सी. घोष कमीशन की रिपोर्ट आई थी, तभी कहा था यह पी.सी. घोष नहीं, बल्कि पीसीसी (प्रदेश कांग्रेस कमेटी) की रिपोर्ट है और कोर्ट के निर्णय से यह साबित हो गया है। उन्होंने कहा कि कोर्ट ने साबित कर दिया है कि संविधान व कानून के खिलाफ जो भी जाएगा, वह चुप नहीं बैठेगा।

केटीआर ने हाईकोर्ट के निर्णय का स्वागत करते हुए न्यायालय को धन्यवाद दिया, साथ ही कोर्ट में पूरी मजबूती से बीआरएस की ओर से पक्ष रखने वाले अधिवक्ताओं की टीम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि झूठ का आडंबर अधिक होता है, परंतु आयु कम होती है। उन्होंने सत्यमेव जयते कहते हुए बताया कि अंतिम विजय सत्य की हुई है। षडयंत्र रचने वाली कांग्रेस की करारी हार हुई है।

पियर्स ढहने में विस्फोट की आशंका, जांच से होगा खुलासा

केटीआर ने कहा कि बीआरएस की सरकार गद्दी से उतरने तक कालेश्वरम पर केवल 94 हजार करोड़ रुपये खर्च किए गए, उसमें 1 लाख करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार होने के बे सिरपैर के आरोप लगाए गए। उन्होंने कहा कि 100 काम्पोनेट्स में मेडीगड्डा एक है, जिसके निर्माण पर 3,800 करोड़ रुपये खर्च किए गए, इसके 85 पियर्स में से केवल दो पियर्स मात्र ढहे हैं। उन्होंने कहा कि इनके ढहने पर विस्फोट किए जाने के आरोप हैं, भविष्य में इसका पता चल जाएगा।

केटीआर ने आरोप लगाते हुए कहा कि निर्माण कंपनी प्रतिष्ठात्मक एलएंडटी ने उन ढहे 2 पियर्स का निर्माण खर्च करीब 400 करोड़ रुपये मेंटेनेंस पीरिएड के तहत खुद ही वहन करने की जानकारी सरकार को दी थी, फिर भी उस कंपनी को डरा-धमकाकर भगाने का षडयंत्र मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने रचा है। उन्होंने कहा कि 1 लाख करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार का आरोप सन्नासी मुख्यमंत्री ने लगाया, उनका साथ और एक सन्नासी पार्टी भाजपा ने दिया।

केटीआर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी बन चुके हैं, वे एक हाईब्रिड मुख्यमंत्री बने बैठे हैं, सुबह कांग्रेस के गीत गाते हैं, शाम होते ही भाजपा के साथ मिल जाते हैं। उन्होंने कहा कि आज नहीं तो कल रेवंत रेड्डी कांग्रेस को 15 कि.मी. भूमि के अंदर फिर न उठने की तरह दफन करके रहेंगे और उनका भाजपा में शामिल होना तय है।

नोट के बदले वोट मामले पर बीजेपी की चुप्पी पर सवाल

केटीआर ने नोट के बदले वोट मामले का उल्लेख किया और मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की तुलना आतंकवादी अजमल कसाब से करते हुए कहा कि जिस प्रकार आतंकी कसाब सीसी टीवी कैमरों में रंगे हाथ पकड़ा गया था, ठीक उसी प्रकार वह भी रंगे हाथों धरे गए थे। उन्होंने कहा कि इस केस को बीजेपी क्यों अपने हाथों में नहीं ले रही है? उन्होंने रेवंत रेड्डी के बयान, जिसमें बीआरएस को विपक्ष का ओहदा भी अगली बार नहीं मिलेगा, पर कहा कि सही है बीआरएस को विपक्ष का नहीं सत्तापक्ष का ओहदा मिलेगा।

केटीआर ने कांग्रेस और बीजेपी के बीच फेवीकॉल बंधन होने का फिर से आरोप दोहराया और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय की खिंचाई करते हुए कहा कि खुद को करीमनगर की गलियों के कॉर्पोरेटर की तरह काम करने के बजाए बंडी संजय केंद्रीय मंत्री हैं, यह पहचानें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हाईकमान को नोटों की गठरियाँ प्राप्त होने के लगाए जा रहे आरोपों के बदले, दम हो तो एआईसीसी को दी जा रही गठरियों को तुरंत धरें।

केटीआर ने कहा कि आरआर टैक्स वसूले जाने के आरोप लगाने वाले बंडी संजय मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के रक्षा कवच बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि अमृत स्कीम से लेकर सिंगरेणी तक प्रत्येक में स्कैम हो रहे हैं, जिसकी शिकायत केंद्र से की गई है, लेकिन केंद्रीय मंत्री किशन रेड्डी और केंद्रीय मंत्री बंडी संजय दोनों मौन हैं।

राहुल गांधी लीडर नहीं रीडर…

केटीआर ने आलोचनात्मक लहजे में कहा कि हिन्दुस्तान में सांसद राहुल गांधी जैसा लीडर कोई न था, न भविष्य में रहेगा। वह लीडर नहीं रीडर हैं, जो लिखकर दे दिया गया वह बिना सोंचे समझे पढ़ देते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने मेडीगड्डा के ढहे दो पियर्स के पास राहुल को ला खड़ा किया और छोटी-सी दरार दिखाकर कालेश्वरम में 1 लाख करोड रुपये का भ्रष्टाचार होने की बात बताई बस बहकावे में आकर राहुल गांधी भी वही आरोप लगा गए। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट ने पीसी घोष कमीशन की रिपोर्ट को ट्रैश करके साफ कर दिया कि सारे आरोप गलत हैं।

यह भी पढ़ें… निवेश से संबंधित भूमि अधिग्रहण तेज़ करने के निर्देश दिए रेवंत ने

आरटीसी कर्मचारियों की हड़ताल को नैतिक समर्थन

केटीआर ने कहा कि तेलंगाना सरकार राज्य सडक परिहवन निगम (टीजीएसआरटीसी) कर्मचारियों की हड़ताल को बीआरएस की ओर से पूरा नैतिक समर्थन है। उन्होंने कहा कि आरटीसी कर्मचारियों की हर माँग सही है, जबकि चुनाव के पहले कांग्रेस ने जो वादे कर्मचारियों से किए थे, वही कर्मचारी पूरे करने की माँग कर रहे हैं। आरटीसी कर्मचारियों की हड़ताल के पीछे बीआरएस का षडयंत्र होने के परिवहन मंत्री पोन्नम प्रभाकर के लगाए आरोपों पर पूछे प्रश्न के उत्तर में केटीआर ने कहा कि मंत्री पोन्नम का वे सम्मान करते हैं, लेकिन उनके सहयोगी मंत्री, जो मैनिफेस्टो कमेटी के चेयरमैन थे, डी. श्रीधर बाबू ने खुद कांग्रेस के घोषणा-पत्र के पेज नंबर 28 पर जो वादा आरटीसी कर्मचारियों से किया था, उसे पोन्नम प़ढ़ लें तो ठीक होगा।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Ad

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button