18 माह में सिंचित होगी भूमि : रेवंत रेड्डी

हैदराबाद, मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने नारायणपेट-कोड़ंगल लिफ्ट सिंचाई परियोजना को 18 महीनों के भीतर पूरा करने का वादा किया, जिससे कृष्णा नदी का पानी सूखे क्षेत्र तक पहुँच सकेगा। उन्होंने खेल मंत्री वी. श्रीहरि को इस परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की ज़िम्मेदारी सौंपी, जिसके बारे में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह काम एक महीने के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने सभी राजनीतिक दलों से आह्वान किया कि विकास के मामले में राजनीति से ऊपर उठकर कोड़ंगल विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के समग्र विकास के लिए आगे आएँ।

सीएम ने कहा कि अगर हम सभी मिल कर काम करेंगे, तो केवल राज्य ही नहीं, बल्कि देश के लिए भी एक आदर्श क्षेत्र के रूप में कोडंगल को विकसित किया जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोडंगल निर्वाचन क्षेत्र के समग्र विकास के लिए शुरू किए गए कार्यों को दिसंबर 2027 तक पूरा किया जाएगा। राज्य सरकार कोडंगल को आदर्श निर्वाचन क्षेत्र के रूप में विकसित कर रही है।

कोड़ंगल बालाजी मंदिर पुनर्निर्माण का भूमि पूजन

सीएम ने कोडंगल का दौरा किया। उन्होंने स्थानीय श्री महालक्ष्मी वेंकटेश्वर स्वामी (कोडंगल बालाजी) मंदिर के पुनर्निर्माण कार्यों के लिए भूमि पूजन किया। प्रजा पालना प्रगति प्रणालिका के तहत कोड़ंगल बालाजी मंदिर के पुनर्निर्माण के साथ-साथ कोड़ंगल में 430 बिस्तरों वाले अस्पताल का निर्माण, दौलताबाद श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर और कोस्गी श्री वेणुगोपाल स्वामी मंदिरों के विकास कार्यों का भी उन्होंने वर्चुअल रूप से शिलान्यास किया।

तत्पश्चात आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने दशकों से विकास से वंचित और उपेक्षा का शिकार रहे कोडंगल क्षेत्र की परिस्थितियों का उल्लेख किया और वर्तमान में निर्वाचन क्षेत्र के समग्र विकास के लिए किए जा रहे कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दशकों से उपेक्षित रहे कोड़ंगल क्षेत्र में मेडिकल, इंजीनियरिंग, डिग्री, पॉलिटेक्निक, आईटीआई और सैनिक स्कूलों सहित 225 एकड़ में एजुकेशनल हब विकसित किया जाएगा।

इसके कार्य अत्यंत तेज़ी से चल रहे हैं और अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि एक वर्ष के भीतर सभी कार्य पूरे किए जाएँ। उन्होंने याद दिलाया कि पहले इस क्षेत्र के लोगों को पढ़ाई के लिए राज्य के विभिन्न क्षेत्रों को जाना पड़ता था, लेकिन अब ऐसी व्यवस्था की जा रही है कि राज्य के अलग-अलग हिस्सों से विद्यार्थी अच्छी शिक्षा के लिए कोडंगल आएँ। रेवंत ने आगे कहा कि अब इस क्षेत्र को विकसित करने का अवसर आया है।

यह भी पढ़ें… हैदराबाद में महिला समूहों को 10 लाख तक ब्याज मुक्त ऋण

कोड़ंगल में उद्योग और रेलवे परियोजनाओं को बढ़ावा

रेलवे लाइन और सीमेंट फैक्ट्री स्थापित करने का अवसर मिला है। देश की बड़ी-बड़ी कंपनियाँ आने वाले दो वर्षों में अपनी इकाइयाँ इस क्षेत्र में स्थापित करने की कोशिश कर रही हैं। लगचर्ला में 2,300 एकड़ क्षेत्र में एक औद्योगिक पार्क विकसित किया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सीधे कोड़ंगल को जोड़ने वाली मुख्य सड़क बनाई जा रही है। उन्होंने आगे कहा कि मक्तल-नारायणपेट-कोडंगल लिफ्ट परियोजना को पूरा करना है। कृष्णा नदी का पानी इस क्षेत्र की जमीनों तक पहुंचना चाहिए। भूमि अधिग्रहण पूरा हो चुका है, सभी अनुमतियां मिल चुकी हैं और कार्य तेज़ी से आगे बढ़ेगा।

सीएम ने आगे कहा कि अब निधियों की कोई कमी नहीं है। सभी मंडलों तक पानी पहुँचाने का अवसर है। कार्य तेज़ी से हों, इसके लिए सरपंचों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को सक्रिय रूप से काम करना चाहिए। उन्होंने बताया कि कृष्णा-विकाराबाद रेलवे लाइन के लिए भी सैद्धांतिक मंज़ूरी प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में प्रचुर मात्रा में चूना पत्थर उपलब्ध है। टेकुलगोडु क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सीमेंट उद्योग स्थापित करने के लिए सभी अनुमतियां दे दी गई हैं। आने वाले छह महीनों में यदि सीमेंट उद्योग का निर्माण शुरू होता है तब स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।

सीएम ने कहा कि हर गांव में छोटी-मोटी समस्याएं और मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन उन्हें किनारे रखकर सभी को मिल-जुलकर रहना चाहिए और निर्वाचन क्षेत्र के विकास के लिए एकजुट होकर काम करना चाहिए। अवसर पर मंत्री दामोदर राज नरसिम्हा, वाकिटि श्रीहरि, जिले के जनप्रतिनिधियों व अन्य उपस्थित थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button