हॉस्टलों से लैपटॉप्स चुराने वाले गिरफ्त में, 7 लैपटॉप जब्त
हैदराबाद, दुंडीगल पुलिस क्षेत्र के बहादुरपल्ली क्षेत्र में पीजी हॉस्टलों को निशाना बनाकर लगातार लैपटॉप चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल सात लैपटॉप बरामद किए गए।संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए इंस्पेक्टर सतीश कुमार ने बताया कि गत 24 जनवरी की तड़के बहादुरपल्ली स्थित एक पीजी हॉस्टल में चोरी की घटना हुई, जिसमें दो लैपटॉप गायब किए गए।
इसके बाद 26 जनवरी की तड़के उसी इलाके के एक अन्य पीजी हॉस्टल में अलग-अलग कमरों से कुल सात लैपटॉप चोरी कर लिए गए। इन घटनाओं को लेकर दुंडीगल पुलिस स्टेशन में अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान दुंडीगल पुलिस स्टेशन की क्राइम टीम ने आज शाम बहादुरपल्ली एक्स-रोड के पास संदिग्ध रूप से घूम रहे एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान उसने पीजी हॉस्टलों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की। आरोपी की निशानदेही पर उसके पास से दो लैपटॉप, जबकि चोरी का माल खरीदने वाले रिसीवर के पास से पांच लैपटॉप बरामद किए गए। पुलिस ने मुख्य आरोपी के रूप में जी. अन्वेश कुमार (20) और चोरी के सामान को खरीदने वाले रिसीवर के रूप में एम.ए. मयूर (46) को गिरफ्तार किया। इंस्पेक्टर ने पीजी हॉस्टलों और छात्रावासों में रहने वाले छात्रों को सतर्क रहने की अपील की। आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई चल रही है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



