एटीआर प्रक्रिया के लिए पोर्टल का शुभारंभ

हैदराबाद, सतर्कता एवं प्रवर्तन विभाग ने राज्य भर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख़्त अभियान चलाते हुए अप्रैल माह में 115 मीट्रिक टन रेत और 9 वाहनों को ज़ब्त किया। विभाग की महानिदेशक शिखा गोयल ने आज 27 राज्य विभागों से एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) प्राप्त करने की प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बनाने के लिए एक ऑनलाइन पोर्टल का शुभारंभ किया। इस पोर्टल के जरिए विभागीय कार्यों में समन्वय को मजबूती मिलेगी। अवसर पर फील्ड स्टाफ की पहचान और कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए नए डिजाइन के जैकेट भी वितरित किए गए।

विभाग के निदेशक ए.आर. श्रीनिवास ने बताया कि अप्रैल माह में अवैध रेत परिवहन और खनन के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए मंजीरा नदी के पास अवैध खुदाई के मामले में 115 मीट्रिक टन रेत और 9 वाहनों को जब्त किया गया, जबकि 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। संयुक्त जाँच अभियानों में परिवहन, खान एवं भूविज्ञान, वाणिज्यिक कर, वन और नागरिक आपूर्ति विभागों के साथ मिलकर 920 से अधिक वाहनों की जाँच की गई, जिसमें ओवरलोडिंग, टैक्स चोरी और बिना परमिट खनिज परिवहन जैसे मामलों में 125 वाहन ज़ब्त किए गए।

एलपीजी और पीडीएस में बड़े खुलासे

ए.आर. श्रीनिवास ने बताया कि एलपीजी के दुरुपयोग के खिलाफ छापों में 355 भरे और 723 खाली सिलेंडर ज़ब्त किए गए। वहीं पीडीएस चावल की कालाबाज़ारी पर कार्रवाई करते हुए 5,464.96 क्विंटल चावल ज़ब्त किया गया। अभियानों के दौरान कुल 52 लाख रुपये की राजस्व नुकसान का पता चला, जिनसे जुर्माने के रूप में 1.66 करोड़ रुपये की वसूली की गई।

यह भी पढ़ें… रेलवे पुलिस ने चोरी तथा गुम हुए 1500 सेलफोन खोज कर लौटाए

सरकारी दफ्तरों में भारी अनियमितताएं उजागर

डीआईजी अभिषेक मोहंती ने बताया कि कोर अर्बन रीजन इकोनॉमी (क्योर) के तहत हैदराबाद और आउटर रिंग रोड क्षेत्र में 25 सरकारी कार्यालयों और कई उद्योगों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान 1,200 से अधिक आवेदन लंबित पाए गए। वित्तीय अनियमितताओं में 80 करोड़ रुपये परिवहन कर बकाया पाया गया। उसी तरह 186 करोड़ रुपये खनन विभाग में लंबित, 55 करोड़ रुपये टीजीआईआईसी में बकाया, 3.17 करोड़ रुपये श्रम लाइसेंस फीस लंबित पाई गई।

इसके अलावा 5 हजार से अधिक रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट और ड्राइविंग लाइसेंस लंबित पाए गए। उन्होंने बताया कि पिछले सात महीनों में विभाग ने 256.77 करोड़ रुपये की गड़बड़ियां पकड़ीं और 62 करोड़ रुपये की वसूली की। अवैध रेत खनन मामलों में 2,830.24 मीट्रिक टन रेत, 12 खुदाई मशीनें, 30 ट्रक/टिप्पर और 43 ट्रैक्टर जब्त किए गए। 26 एफआईआर दर्ज कर 128 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

उसी तरह यात्री वाहनों की फिटनेस जांच अभियान में 1,679 वाहनों की जांच की गई, जिसमें 263 वाहनों पर 47.29 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। अन्य जांचों से 6.94 करोड़ रुपये की वसूली हुई। इसके अलावा पहली बार 28 अक्तूबर से 2 नवंबर तक विजिलेंस अवेयरनेस वीक मनाया गया, जिसमें विभाग का लोगो लॉन्च किया गया और टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14432 शुरू किया गया।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button