पुलिस बनकर सचिवालय के सामने रील बनाने वाला गिरफ्तार
हैदराबाद, सैफाबाद पुलिस ने नकली पुलिस बनकर और अपने आपको मुख्यमंत्री सुरक्षा व्यवस्था का कॉन्स्टेबल बताते हुए सचिवालय के सामने रील्स बनाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान वासवी नगर, रामंतापुर, अंबरपेट निवासी ताटूरी रवि उर्फ चरण उर्फ निखिल यादव (31) के रूप में की गई है, जो एक होटल में नौकरी करता है।
गौरतलब है कि गत 26 अप्रैल को रवि ने सचिवालय के गेट के पास अपने आपको पुलिस कॉन्स्टेबल बताते हुए सेल्फी कैमरे के जरिए रील बनाई और इस रील में उसने लोगों से बताया कि वह मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था में कार्यरत पुलिस कॉन्स्टेबल है और यदि कोई मुख्यमंत्री से मिलना चाहते हैं, तो वह उनसे उनकी मुलाकात करवाएगा। इस रील को उसने सोशल मीडिया का अपलोड कर दिया, जो काफी वायरल हो गई।
यह भी पढ़ें… नईम के अनुचर की हत्या के प्रयास मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज
सैफाबाद डिवीजन के सहायक पुलिस आयुक्त आर. संजय कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल रील के आधार पर स्वत संज्ञान के तहत सैफाबाद पुलिस ने बीएनएस की धारा 204, 205, 319, 318(4) और 353 के तहत मामले दर्ज कर आरोपी की तलाश प्रारंभ की। आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए विशेष पुलिस दल का गठन किया गया। रील के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे आज गिरफ्तार कर लिया गया।
जाँच के दौरान पता चला कि आरोपी रवि को रील्स बनाने का चस्का है और वर्ष 2018 के दौरान जब वह गोशामहल स्थित एक कैंटीन में नौकरी कर रहा था, तब वह वहाँ आने वाले पुलिसकर्मियों से काफी प्रभावित हुआ। इसके बाद उसने अंबरपेट से एक पुलिस किट खरीद ली और पुलिस की वर्दी पहनकर वह रील्स बनाने लगा। पुलिस ने उसके पास से एक पुलिस की वर्दी, एक जंगल पैटर्न यूनिफार्म, एक बेरेट कैप, एक खाकी कैप, ब्लैक बेल्ट, दो ब्लैक विजिल कोर्ड्स, एक नेम प्लेट और एक सेलफोन जब्त किया। आरोपी की गिरफ्तारी सैफाबाद इंस्पेक्टर एन. राजेन्दर के नेतृत्व में की गई।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



