कानून व्यवस्था ही मुख्य लक्ष्य : बी. सुमति

हैदराबाद, आईपीएस अधिकारी बी. सुमति ने आज मल्काजगिरी पुलिस आयुक्त का पद्भार संभाला। इस अवसर पर मीडिया से बात करते हुए सुमति ने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य आयुक्तालय की परिधि में कानून व्यवस्था और शांति को बनाए रखना है। विशेषकर साइबर अपराध और ड्रग्स नियंत्रण पर खास ध्यान देते हुए इन पर अंकुश लगाना है।
सुमति ने कहा कि कानून व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए वह तकनीक आधारित बेस्ट पुलिसिंग को अमल में लाएगी और पुलिस की कार्यशैली की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में यातायात व्यवस्था और सड़क हादसे चुनौती बने हुए हैं, इसलिए वह इन दोनों क्षेत्रों को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस के साथ आम जनता का सहयोग भी महत्वपूर्ण है। इसके लिए वे आम जनता से सहयोग की अपील भी कर रही है।
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि मल्काजगिरी की पहली महिला पुलिस आयुक्त नियुक्त होने पर वह काफी प्रसन्नता महसूस कर रही है, लेकिन इस पद से महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ भी जुड़ी हुई है। जिम्मेदारियों के तहत वह आम जनता को पारदर्शी व कुशल सेवाएँ प्रदान करने का प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि मल्काजगिरी आयुक्तालय की एक शांतिपूर्ण इलाके के रूप में अच्छी पहचान बनी हुई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस पहचान को बरकरार रखते हुए वे कानून व्यवस्था को बनाए रखने में कोई समझौता नहीं करेगी।
यह भी पढ़ें… फोन टैपिंग मामले की जाँच अंतिम चरण में : सी.वी. आनंद
टेक्नोलॉजी आधारित पुलिसिंग से अपराध नियंत्रण पर जोर
सुमति ने कहा कि वर्तमान समय में विश्व स्तर पर टेक्नोलॉजी बेस पुलिसिंग के जरिए अपराध को नियंत्रित किया जा रहा है और वह इस नई तकनीक को अमल में लाते हुए अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में कार्य करेगी। विशेषकर आर्टिफिशियल इंटेलीजेन्स के इस्तेमाल को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज में काफी बदलाव देखा जा रहा है और अपराधी भी इस बदलते परिवेश में विशेषकर साइबर अपराधी नित नए तरीके से साइबर अपराध को अंजाम दे रहे हैं।
इसीलिए पुलिस को भी बदलते हुए परिवेश के अनुसार अपने आपको बदलना होगा। उन्होंने ड्रग्स तस्करों को चेतावनी देते हुए कहा कि आयुक्तालय की परिधि में गांजा व ड्रग्स की तस्करी को रोकने के लिए असरदार तरीके से कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह समस्या समाज के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई है और युवाओं को ड्रग्स की लत से रोकने के लिए एआई आधारित सर्विलेंस बनाया जाएगा। उन्होंने मल्काजगिरी पुलिस आयुक्तालय की कमान सौंपने के लिए सरकार और पुलिस महानिदेशक के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर आयुक्तालय के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने सुमति का स्वागत किया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



