भगवान महावीर की राह, युवा पीढ़ी के नाम

हे युवा तू जैन धर्म के सत्य की मशाल थामना
अहिंसा शील तप त्याग का सच्चा मार्ग चुनना
हे युवा तू भगवान महावीर के सिद्धांतों को बुनना
जहाँ न क्रोध हो, न राग द्वेष का कोई आवास हो।
तेरे हर एक कर्म में, शील सत्य और विश्वास हो,
तप त्याग ही वह शक्ति है, जो महान बनाती है,
स्वार्थ की बेड़ियों से, तुझे कर्मों से मुक्त कराती है।
छोड़ दे वो रास्ते, जो पतन की ओर ले जाते हैं।।
सात कुव्यसनों के साये, सुंदर जीवन को जलाते हैं
शिकार नशा, जुआ और मांस, ये पतन की गहराई हैं,
इन कुव्यसनों से दूर रहना ही, तेरी असली भलाई है।
जैन आगमों का स्वाध्याय और ज्ञान असली कमाई है।।
हाथ जोड़ कर झुक जाना माता-पिता के चरणों में,
स्वर्ग बसता है सदा, उनकी सेवा के शरणों में।
जिसने पाल पोस कर तुझको, इस काबिल बनाया है
उनका मार्गदर्शन आशीष ही, जीवन की सच्ची छाया है।।
अनेकांतवाद को समझ, हर विचार का सम्मान कर,
जिओ और जीने दो के मंत्र से, जग का कल्याण कर
चल पड़ा है तू अगर, महावीर की मोक्ष राह पर,
विजय होगी तेरी ही, हर कठिन मोड़ और चाह पर।।
-संजय श्रीश्रीमाल (कोईम्बटूर)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





