नहीं रहे मागंटी गोपीनाथ, प्रमुख हस्तियों ने दी श्रद्धांजलि

हैदराबाद , भारत राष्ट्र समिति (भारास) जुबली हिल्स विधायक मागंटी गोपीनाथ (62) का गच्चीबावली स्थित एआईजी अस्पताल में कार्डियाक अरेस्ट होने के बाद गंभीर हालत में इलाज के दौरान आज सुबह निधन हो गया। वे अपने पीछे पत्नी, पुत्र व 2 पुत्रियाँ छोड़ गए। मागंटी गोपीनाथ पिछले एक महीने से किडनी की समस्या से पीड़ित थे। इलाज के बाद हालत में कुछ सुधार आया था। गत 5 जून को अचानक कार्डियाक अरेस्ट होने के रात 2.56 बजे के करीब उन्हें नगर के गच्चीबावली स्थित एआईजी अस्पपताल में भर्ती कराया गया।

हालत गंभीर होने के चलते उन्हें आईसीयू में वेंटीलेटर पर रखा गया था। आज सुबह 5.45 बजे के करीब उन्होंने अंतिम सांस ली। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, पूर्व मुख्यमंत्री व भारास अध्यक्ष के. चंद्रशेखर राव समेत प्रमुख हस्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार के प्रति सांत्वना व्यक्त की। माधापुर डॉक्टर्स कॉलोनी स्थित मागंटी गोपीनाथ के निवास से अंतिम यात्रा प्रारंभ होकर माधापुर, जुबली हिल्स चेकपोस्ट, फिल्मनगर से होती हुई जुबली हिल्स स्थित महाप्रस्थानम श्मशान वाटिका पहुंची, जहां उनका अंतिम संस्कार तेलंगाना सरकार द्वारा राजकीय सम्मान के साथ किया गया।

रेवंत रेड्डी ने शोक जताया

जुबली हिल्स विधायक मागंटी गोपीनाथ के निधन पर मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डा

मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने जुबली हिल्स विधायक मागंटी गोपीनाथ के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति व शोक संतप्त परिजनों को दुःख सहने की शक्ति देने ईश्वर से प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने दिवंगत मागंटी के आवास पर जाकर पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा परिजनों से भेंट कर सांत्वना दी। उनके साथ पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री पोन्नम प्रभाकर, सांसद एम. अनिल कुमार यादव ने भी मागंटी के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की।

भावुक हुए केसीआर

भावुक हुए केसीआर

भारास विधायक मागंटी गोपी के निधन की खबर सुनने के बाद पार्टी प्रमुख व पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव एर्रावेल्ली स्थित फार्महाउस (कृषिक्षेत्र) से सीधे उनके आवास पहुँचे। पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद केसीआर भावुक हो गए। उनकी आंखें भर आईं। दिवंगत गोपीनाथ के पुत्र को केसीआर ने सांत्वना दी और परिवार के साथ रहने का भरोसा दिलाया। केसीआर ने गोपीनाथ के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनकी आत्मा की शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना की। इसके अलावा भारास कार्यकारी अध्यक्ष व पूर्व मंत्री के. तारक रामाराव, विधायक व पूर्व मंत्री टी. हरीश राव, आंध्र प्रदेश के शिक्षा मंत्री नारा लोकेश बाबू दम्पत्ति ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।

बीआरएस के लिए अपूर्णीय क्षति : केटीआर

भावुक हुए केसीआर

भारत राष्ट्र समिति (भारास) कार्यकारी अध्यक्ष व पूर्व मंत्री कल्वाकुंट्ला तारक रामाराव ने जुबली हिल्स विधायक मागंटी गोपीनाथ के निधन को बीआरएस के लिए अपूर्णीय क्षति बताया। केटीआर खबर मिलते ही पत्नी शैलिमा व पुत्र कल्वाकुंट्ला हिमांशु राव के सात गच्चीबावली स्थित एआईजी अस्पताल पहुंचे और गोपीनाथ के परिजनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति व शोक संतप्त परिजनों को दुःख सहने की शक्ति देने ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि जुबली हिल्स से निरंतर विजयी होने वाले अच्छे नेता के रूप में पहचान बनाने वाले मागंटी गोपीनाथ को खोने का काफी दुःख है। उन्होंने अंतिम क्रियाकर्म राजकीय सम्मान के साथ करने को लेकर राज्य सरकार को धन्यवाद दिया।

मागंटी का राजनीतिक जीवन आदर्श : हरीश राव

भारत राष्ट्र समिति (भारास) विधायक व पूर्व मंत्री टी. हरीश राव ने जुबली हिल्स के विधायक मांगटी गोपीनाथ के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया। हरीश राव ने कहा कि राजनीति में अपना एक स्थान बनाने वाले मागंटी का राजनीतिक जीवन सभी के लिए आदर्श है और उनका निधन बीआरएस के लिए अपूर्णीय क्षति है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति व शोकसंतप्त परिजनों को दुःख सहने की शक्ति देने ईश्वर से प्रार्थना की।

आंध्र-प्रदेश के एलुरू जिला कैकलुरू में मागंटी कृष्णमूर्ति, महानंदाकुमारी के घर 2 जून, 1963 को जन्मे मागंटी गोपी का शैक्षिक व राजनीतिक जीवन तेलंगाना में ही रहा। उन्होंने वर्ष 1980 में हैदराबाद के वेंकटेश्वरा ट्यूटीरियल्स में इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की, फिर उस्मानिया विश्वविद्यालय से ग्रैजुएशन किया। उनका विवाह वेलमुरू निवासी सुनीता के साथ हुआ। उन्हें पुत्र मांगटी वात्सल्यनाथ व दो पुत्रियाँ- अक्षरा नाग व दिशिरा हैं।

राजनीति से सिनेमा तक मागंटी गोपीनाथ का सफर

तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) संस्थापक व पूर्व मुख्यमंत्री एन.टी. रामाराव से प्रभावित होकर वर्ष 1983 में ही तेदेपा में शामिल हुए मागंटी ने वर्ष 1985 से 1992 तक तेदेपा के युवा विंग तेलुगु युवता प्रदेश अध्यक्ष के रूप में सेवा दी। वर्ष 1987 से 1988 तक तत्कालीन हैदराबाद अर्बन डेवलपमेंट अथॉरिटी (हुडा) के निदेशक रहे। 1988 से 1993 तक जिला उपभोक्ता मंच के सदस्य के तौर पर जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने वर्ष 2014 में हुए विधानसभा चुनाव में तेदेपा के टिकट पर चुनाव लड़ा और मजलिस पार्टी के नवीन यादव पर 9242 मतों से जीत हासिल की।

जुबली हिल्स विधायक मागंटी गोपीनाथ का कार्डियाक अरेस्ट से निधन, राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, राजनेताओं ने दी श्रद्धांजलि।

बाद में तेलंगाना राष्ट्र समिति (तेरास) में शामिल हो गए। इसके बाद वर्ष 2018 में टीआरएस के टिकट पर लड़े और कांग्रेस प्रत्याशी पी. विष्णुवर्धन रेड्डी पर 16,004 मतों के बहुमत से विजय प्राप्त की। बाद में पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने मागंटी को विधानसभा की पब्लिक इस्टिमेंट कमेटी (पीईसी) के सदस्य की जिम्मेदारी सौंपी। इसके बाद 26 जनवरी, 2022 को भारत राष्ट्र समिति (भारास) हैदराबाद जिला अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया। 2023 में भी बीआरएस के टिकट पर चुनाव लड़कर वे तीसरी बार विधायक बने। मागंटी टॉलीवुड फिल्म निर्माता भी थे। उन्होंने वर्ष 1995 में तेलुगु फिल्म पाताबस्ती, वर्ष 2000 में रवन्ना तथा वर्ष 2009 में ना स्टाइले वेरू फिल्म का निर्माण किया।

दिवंगत मागंटी गोपीनाथ के आवास पर श्रद्धांजलि देने वालों में बीआरएस सांसद के.आर. सुरेश रेड्डी, दामोदर राव, वड्डीराजू रविचंद्रा, विधायक व पूर्व मंत्री वेमुला प्रशांत रेड्डी, देवीरेड्डी सुधीर रेड्डी, माधावरम कृष्णाराव, कालेरू वेंकटेश, कोत्ताप्रभाकर रेड्डी, विधायक टी. पद्माराव गौड़, विधान परिषद सदस्य दासोजू श्रवण, पूर्व एमएलसी पोचमपल्ली श्रीनिवास रेड्डी, पूर्व सांसद जोगिनापल्ली संतोष राव, पूर्व मंत्री पुव्वाड़ा अजय, पूर्व सांसद रावुला चंद्रशेखर रेड्डी, मर्री जनार्दन रेड्डी, श्रीधर रेड्डी व अन्य ने उपस्थित होकर श्रद्धांजलि दी।

भाजपा नेताओं ने जताया शोक

केंद्रीय कोयला, खान मंत्री व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष जी. किशन रेड्डी ने विधायक मागंटी गोपीनाथ के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को दुःख सहने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने माधापुर स्थित मागंटी के आवास पर जाकर दिवंगत गोपीनाथ के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि विधायक के रूप में जुबली हिल्स की जनता की लंबे समय तक सेवा करने वाले मागंटी सबके दिलों में बस चुके थे। उनके निधन से काफी दुःख हुआ है।

इसके अलावा भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य व सांसद ईटेला राजेंदर ने भी विधायक मागंटी गोपीनाथ के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने माधापुर स्थित उनके आवास पर जाकर पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की और दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को दुःख सहने की ताकत देने की ईश्वर से प्रार्थना की। भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद डॉ. के. लक्ष्मण व विधायक दल के नेता महेश्वर रेड्डी ने भी मागंटी गोपीनाथ के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।

चंद्रबाबू ने दुःख व्यक्त किया

आंध्रा प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायुडू ने भी विधायक मागंटी गोपीनाथ के आकस्मिक निधन पर दुख जताया।
तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के अध्यक्ष चंद्रबाबू नायुडू ने कहा कि गोपीनाथ के निधन की खबर सुनकर उन्हें गहरा सदमा पहुंचा। उन्होंने याद किया कि गोपीनाथ ने टीडीपी के साथ अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की और कई पदों पर कुशलतापूर्वक कार्य किया। बाबू ने कहा, मैं गोपीनाथ के परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ। मैं प्रार्थना करता हूँ कि उनकी आत्मा को शांति मिले।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button