महाराष्ट्र : छात्र के परिवार को धमकी देने वाला बस चालक पर पुलिस की कार्रवाई
ठाणे, पुलिस ने एक स्कूल बस चालक को 15 वर्षीय एक छात्र का अपहरण करने की धमकी देने और उसके माता-पिता से चार लाख रुपये मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त (जोन-1) राहुल चव्हाण ने संवाददाताओं को बताया कि बस चालक महाराष्ट्र के ठाणे जिले के काशीमीरा में मोबाइल फोन और सिम कार्ड की दुकान भी चलाता है। उन्होंने बताया कि उसने जल्दी पैसा कमाने के लिए जबरन वसूली की योजना बनाई थी।
काशीमीरा निवासी लड़के की मां को शनिवार को एक अनजान मोबाइल नंबर से एक संदेश मिला, जिसमें चार लाख रुपये न देने पर उसके बच्चे का अपहरण करने की धमकी दी गई थी। इसके बाद महिला ने तुरंत स्थानीय पुलिस से संपर्क किया। जांचकर्ताओं के अनुसार, संदेश एक स्थानीय मोबाइल फोन की दुकान से जुड़े नंबर से आया था। अधिकारी ने सोमवार को बताया कि स्कूल बस चालक की एक मोबाइल और सिम कार्ड की दुकान भी है और उसने अपने एक कम पढ़े-लिखे ग्राहक का सिम कार्ड लेकर उसे एक निष्क्रिय सिम कार्ड से बदल दिया।
आरोपी बस चालक ने व्हाट्सऐप पर भेजी धमकियां, फिरौती की कोशिश
अधिकारी ने बताया कि इसके बाद चालक ने सक्रिय सिम कार्ड का इस्तेमाल करके लड़के के परिवार को व्हाट्सऐप पर धमकियां भेजीं। अधिकारी ने बताया कि उसने लड़के की मां को फिरौती के संदेश भेजने के लिए अपने पास मौजूद लड़के की तस्वीर का इस्तेमाल भी किया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने बस चालक हरिराम सोमा (37) से पूछताछ की जिसने अपना अपराध कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी काशीमीरा इलाके का रहने वाला है। अधिकारी ने बताया कि आरोपी को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
यह भी पढ़े: दिल्ली : चार स्कूलों को बम की धमकी वाले ईमेल मिले, जांच के बाद फर्जी निकले
चव्हाण ने कहा कि पुलिस ने सुनिश्चित किया कि बच्चे को कोई नुकसान न पहुंचे। शिकायत मिलने के कुछ ही घंटों के भीतर हमारी तकनीकी टीम ने संदिग्ध की पहचान की और उसे हिरासत में ले लिया। आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत आपराधिक धमकी एवं जबरन वसूली के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। अधिकारी ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि आरोपी ने उन बच्चों के चार अभिभावकों को निशाना बनाया जिन्हें वह अपनी बस से स्कूल ले जाता था और वे इसकी जांच कर रहे हैं। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





