संविधान की विरासत को रखें कायम : लक्ष्मण
हैदराबाद, संविधान दिवस के उपलक्ष्य में केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), हैदराबाद द्वारा नारायणगुड़ा स्थित केशव मेमोरियल शैक्षणिक संस्थान में फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। संविधान के बारे में जागरूकता बढ़ाने हेतु विशेष प्रदर्शनी का उद्घाटन सांसद डॉ. के. लक्ष्मण ने किया। प्रदर्शनी 30 नवंबर तक जारी रहेगी।
डॉ. के. लक्ष्मण ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान अधिकारों और कर्तव्यों के संतुलन के माध्यम से समानता सुनिश्चित कर सभी नागरिकों को एक राष्ट्र के रूप में बांधता है। साथ ही यह देश की सामूहिक प्रगति के लिए प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारियों को स्पष्ट रूप से परिभाषित करता है।
सभी नागरिकों को दुनिया के सबसे बड़े लिखित संविधान की विरासत को कायम रखना चाहिए। उन्होंने भारतीय संविधान को एक सजीव दस्तावेज बताते हुए डॉ. बी.आर. अंबेडकर तथा डॉ. राजेंद्र प्रसाद और इसे आकार देने वाले अन्य प्रख्यात नेताओं के अमूल्य योगदान का स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि संविधान समाज को प्रबुद्ध करने के लिए बनाया गया था। यह सनातन धर्म के मूल्यों में गहराई से निहित है।
यह भी पढ़ें… बार असोसिएशन के कार्यक्रम में राज्यपाल ने किया आह्वान, युवाओं तक संविधान की पहुँच करें सुनिश्चित
डॉ. के. लक्ष्मण ने संविधान दिवस और कानून में समानता पर जोर दिया
डॉ. के. लक्ष्मण ने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद नरेंद्र मोदी ने 26 नवंबर को संविधान दिवस घोषित किया, जिसे 2015 से पूरे देश में मनाया जाता है। समानता और न्याय पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि हालाँकि क्षेत्र और धर्म अलग-अलग हो सकते हैं, फिर भी कानून हर नागरिक के लिए समान है।
पीआईबी और सीबीसी की अतिरिक्त महानिदेशक श्रुति पाटिल ने कहा कि सीबीसी की पहल, जिसमें फोटो पैनल, क्विज और सेल्फी बूथ शामिल हैं, का उद्देश्य युवाओं को संविधान के आदर्शों और भावना से परिचित कराना है। उन्होंने भारतीय लोकतंत्र के लिए यह दिवस राष्ट्र के अपने मूलभूत दस्तावेज द्वारा निर्देशित होने के संकल्प का प्रतीक है।
फोटो प्रदर्शनी में 33 पैनलों के माध्यम से भारतीय संविधान के इतिहास और विकास को दर्शाया गया है। साथ ही दुर्लभ और महत्वपूर्ण तस्वीरों के माध्यम से वंदे मातरम् के 150 वर्षों को दर्शाने वाला एक समर्पित खंड शामिल है। यहाँ छात्रों और आम जनता के लिए स्पॉट ऑनलाइन क्विज आकर्षण का केंद्र है, जिसमें आगंतुक एक इंटरैक्टिव पैनल के माध्यम से भाग ले सकते हैं। न्यूनतम योग्यता अंक प्राप्त करने पर ईमेल, मोबाइल या क्यूआर कोड के माध्यम से तुरंत भागीदारी प्रमाण-पत्र प्राप्त कर सकते हैं। प्रदर्शनी में डिजिटल सेल्फी कियोस्क और सेल्फी प्वाइंट भी स्थापित किए गए हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



