विहिप ने दी डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि
हैदराबाद, प्रदेश विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने भारतरत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर एल.बी. नगर क्षेत्र में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया।
अवसर पर बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. रविनुथला शशिधर ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर ने संगठित व समरस समाज की परिकल्पना की थी। उन्होंने समाज के वंचित वर्गों को मुख्यधारा में लाने के लिए आरक्षण जैसी व्यवस्था लागू की, जिससे सामाजिक समानता को बढ़ावा मिला।
यह भी पढ़ें… मुसलमानों को लेकर डॉ. अंबेडकर की शंका सही साबित हुई : राजा सिंह
रविनुथला शशिधर ने कहा कि बाबा साहेब का उद्देश्य ऐसा समाज बनाना था, जहाँ सभी वर्गों को समान अधिकार और अवसर प्राप्त हों। डॉ. अंबेडकर से प्रेरणा लेकर वर्तमान समय में समाज को एकजुट रहकर विभाजनकारी शक्तियों का सामना करना चाहिए। कार्यक्रम में विहिप के जिला अध्यक्ष टी. पुरुषोत्तम रेड्डी, विभाग सचिव राजेंद्र रेड्डी, जिला सचिव सुधाकर, संयुक्त सचिव संजय शर्मा सहित बजरंग दल के कई पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



