मेरठ : बेटे ने पिता की हत्या की, 24 घंटे में गिरफ्तारी
मेरठ, उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के जानी थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपने पिता की कथित रूप से गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 30 अप्रैल की है जब रसूलपुर धौलडी गांव निवासी रियाज (54) ने अपने पिता ऐजाज (72) को लाइसेंसी पिस्तौल से तीन गोलियां मार दीं, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रियाज के पिता ने करीब 4.5 बीघा जमीन बेचकर धनराशि अपने खाते में जमा किया था जिसे लेकर दोनों के बीच विवाद था। आरोपी अपने हिस्से की मांग कर रहा था और इसी विवाद के चलते उसने घटना को अंजाम दिया।
यह भी पढ़े : राजस्थान : पांच रुपए का नोट 48 लाख में बेचने का झांसा, 3.66 लाख की ठगी
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। इस संबंध में जानी थाने में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस टीम ने धौलडी बम्बा के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त .32 बोर की लाइसेंसी पिस्तौल, दो कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त कार बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश कर मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



