मंत्री लक्ष्मण कुमार ने दिये तबादला प्रक्रिया पारदर्शी बनाने के निर्देश
हैदराबाद, तेलंगाना सरकार के अनुसूचित जाति जनजाति कल्याण मंत्री लक्ष्मण कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तबादला प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी बनायी जाए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों का कल्याण ही सरकार की प्राथमिकता है।
राज्य सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री लक्ष्मण ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कर्मचारियों की सुविधा, समानता और पारदर्शिता को प्राथमिकता देते हुए कल्याण विभाग के अंतर्गत तबादला प्रक्रिया को बिना किसी विवाद के संचालित किया जाए।
मंत्री ने कहा कि तेलंगाना राज्य सरकार द्वारा हाल ही में शुरू की गई कर्मचारियों की तबादला प्रक्रिया को कल्याण विभाग के अंतर्गत पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से लागू किया जाना चाहिए। मंत्री ने कहा कि दूरदराज क्षेत्रों में लंबे समय तक सेवा देने वाले कर्मचारियों को उनकी पसंद के स्थानों पर पोस्टिंग देने को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे कर्मचारियों तथा पति-पत्नी को एक ही स्थान पर नियुक्ति देने जैसे मामलों पर सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें… जन कल्याण ही सरकार का लक्ष्य : भट्टी विक्रमार्का
मंत्री ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में कार्य करने वाले कर्मचारियों के साथ मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए न्याय किया जाना चाहिए। उन्होंने तबादलों के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश तैयार कर उन्हें कर्मचारियों के लिए उपलब्ध कराने तथा प्रत्येक चरण में डिजिटल प्रणाली का उपयोग कर मानवीय हस्तक्षेप कम करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। शिकायतों के समाधान के लिए विशेष प्रकोष्ठ स्थापित कर त्वरित प्रतिक्रिया देने के निर्देश भी दिए। साथ ही महिला कर्मचारियों, दिव्यांगों तथा वरिष्ठ कर्मचारियों के लिए विशेष सुविधाएं सुनिश्चित करने हेतु कदम उठाने के निर्देश दिए।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



